1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Gold Rate Today: मंदी की आशंका में सोने ने किया 40,000 का आंकड़ा पार, चांदी पहुंची 50 हजार के पास

Gold Rate Today: मंदी की आशंका में सोने ने किया 40,000 का आंकड़ा पार, चांदी पहुंची 50 हजार के पास

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Aug 29, 2019 06:17 pm IST,  Updated : Aug 29, 2019 06:17 pm IST

मंदी की आशंकाओं की वजह से निवेशकों में सुरक्षित निवेश के विकल्प की तलाश रही और उन्होंने सर्राफा बाजार का रुख किया है जिससे बहुमूल्य धातुओं में तेजी रही।

Gold crosses record Rs 40,000-mark as recession fears seep in- India TV Hindi
Gold crosses record Rs 40,000-mark as recession fears seep in Image Source : GOLD CROSSES RECORD RS 40

नई दिल्‍ली। वैश्विक आर्थिक मंदी की आशंकाओं के बढ़ने की चिंताओं के बीच निवेशकों की भारी मांग के कारण गुरुवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 250 रुपए उछलकर पहली बार 40,000 रुपए प्रति दस ग्राम के रिकॉर्ड स्तर को पार कर गया। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के मुताबिक, सोने में लगातार दूसरे दिन रिकॉर्ड बनने का सिलसिला जारी रहा। सोना 250 रुपए की तेजी के साथ 40,220 रुपए प्रति 10 ग्राम के सर्वकालिक उच्च स्तर को छू गया। बुधवार को सोना 300 रुपए की तेजी के साथ 39,970 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।

मजबूत वैश्विक रुख के बीच औद्योगिक इकाइयों एवं सिक्का विनिर्माताओं की मजबूत मांग आने से चांदी कीमत भी 200 रुपए की तेजी के साथ 50,000 रुपए के स्तर के करीब पहुंचते हुए 49,050 रुपए प्रति किलोग्राम पर बंद हुई। बाजार सूत्रों ने कहा कि वैश्विक मंदी आने की आशंकाओं तथा अमेरिका और चीन के बीच व्यापार वार्ता को लेकर अनिश्चितताओं के बीच सोने की मांग बढ़ गई। त्यौहारों का मौसम आने से पहले आभूषण कारोबारियों की लिवाली बढ़ने से भी बहुमूल्य धातुओं की कीमतों में तेजी आई।

मंदी की आशंकाओं की वजह से निवेशकों में सुरक्षित निवेश के विकल्प की तलाश रही और उन्होंने सर्राफा बाजार का रुख किया है जिससे बहुमूल्य धातुओं में तेजी रही। वैश्विक स्तर पर न्यूयॉर्क में सोने का भाव तेजी के साथ 1,539 डॉलर प्रति औंस रहा जबकि चांदी कीमत 1.15 प्रतिशत की तेजी के साथ 18.63 डॉलर प्रति औंस पर रही। इसके अलावा रुपए के कमजोर होने से भी बहुमूल्य धातुओं में तेजी रही।

दिल्ली सर्राफा बाजार में, 99.9 प्रतिशत और 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 250-250 रुपए बढ़कर क्रमश: 40,220 रुपए और 40,050 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। आठ ग्राम वाली गिन्नी भी 400 रुपए बढ़कर 30,200 रुपए हो गई।

चांदी हाजिर कीमत 200 रुपए बढ़कर 49,050 रुपए प्रति किलोग्राम और साप्ताहिक डिलिवरी वाली चांदी 814 रुपए बढ़कर 47,230 रुपए प्रति किलोग्राम हो गई। चांदी सिक्कों की भी अच्छी मांग थी और इसकी कीमत 3,000 रुपए बढ़कर लिवाल 1,01,000 और बिकवाल 1,02,000 रुपए प्रति सैकड़ा हो गई। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा