1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Gold rate today: 34,000 के पार हुआ भाव, 10 ग्राम सोना खरीदने के लिए चुकाने होंगे अब इतने रुपए

Gold rate today: 34,000 के पार हुआ भाव, 10 ग्राम सोना खरीदने के लिए चुकाने होंगे अब इतने रुपए

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Jan 30, 2019 07:39 pm IST,  Updated : Jan 30, 2019 07:39 pm IST

बाजार सूत्रों ने कहा कि चीन की प्रमुख दूरसंचार कंपनी हुवावे के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई शुरू करने से निवेशकों द्वारा सुरक्षित निवेश के विकल्प की ओर रुख मोड़ने से सोने की मांग बढ़ गई।

gold- India TV Hindi
gold Image Source : GOLD

नई दिल्ली। विदेशी बाजारों में मजबूती के रुख को देखते हुए दिल्ली सर्राफा बाजार में सोने की कीमतों में तेजी जारी रही और बुधवार को इसका भाव 320 रुपए बढ़कर 34,000 रुपए प्रति 10 ग्राम के स्तर को लांघ गया। सोने का भाव 34,070 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। इसी तरह औद्योगिक इकाइयों और सिक्का निर्माताओं का उठाव बढ़ने से चांदी भी 330 रुपए की तेजी के साथ 41,330 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। 

बाजार सूत्रों ने कहा कि चीन की प्रमुख दूरसंचार कंपनी हुवावे के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई शुरू करने से निवेशकों द्वारा सुरक्षित निवेश के विकल्प की ओर रुख मोड़ने से सोने की मांग बढ़ गई। इस बीच अमेरिका-चीन के बीच व्यापार वार्ता के नतीजे को लेकर अनिश्चितता होने से सोने की कीमतों में तेजी आई। 

वैश्विक स्तर पर न्यूयॉर्क में सोना तेजी के साथ 1,314.76 डॉलर प्रति औंस, जबकि चांदी तेजी के साथ 15.96 डॉलर प्रति ट्राय औंस पर बोली गई। पिछले दो दिनों में सोने में 450 रुपए की तेजी आई है। 

राष्ट्रीय राजधानी में 99.9 प्रतिशत और 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 320-320 रुपए की तेजी के साथ क्रमश: 34,070 रुपए और 33,920 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। इसी प्रकार, आठ ग्राम वाली गिन्नी का भाव 200 रुपए की तेजी के साथ 25,900 रुपए हो गया। 

चांदी हाजिर का भाव 330 रुपए चढ़कर 41,330 रुपए प्रति किलोग्राम, जबकि चांदी साप्ताहिक डिलीवरी 361 रुपए बढ़कर 40,434 रुपए प्रति किलोग्राम हो गई। चांदी सिक्कों की भी काफी मांग रही और इसकी कीमत 1,000 रुपए की तेजी के साथ लिवाल और बिकवाल क्रमश: 79 हजार और 80 हजार रुपए प्रति सैकड़ा हो गई। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा