1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Gold rate today: कमजोर मांग से सोना हुआ और 200 रुपए सस्‍ता, लगातार चौथे दिन आई गिरावट

Gold rate today: कमजोर मांग से सोना हुआ और 200 रुपए सस्‍ता, लगातार चौथे दिन आई गिरावट

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Apr 15, 2019 05:45 pm IST,  Updated : Apr 15, 2019 05:45 pm IST

शेयर बाजार में तेजी से सर्राफा मांग प्रभावित हुई। इसके अलावा स्थानीय आभूषण कारोबारियों की सुस्त मांग तथा कमजोर वैश्विक संकेतों से भी बहुमूल्य धातु की कीमत प्रभावित हुई।

Gold falls- India TV Hindi
Gold falls by Rs 200 on muted demand, extends losses for 4th day Image Source : GOLD FALLS

नई दिल्ली। सुस्त घरेलू मांग और कमजोर वैश्विक रुख के कारण सोने की कीमतो में लगातार चौथे कारोबारी सत्र में गिरावट जारी रही। दिल्ली सर्राफा बाजार में सोमवार को सोना 200 रुपए गिरकर 32,620 रुपए प्रति दस ग्राम रह गया। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के मुताबिक, औद्योगिक इकाइयों एवं सिक्का निर्माताओं का उठाव घटने से चांदी भी 80 रुपए गिरकर 38,100 रुपए प्रति किलो रह गई। 

कारोबारियों ने कहा कि शेयर बाजार में तेजी से सर्राफा मांग प्रभावित हुई। इसके अलावा स्थानीय आभूषण कारोबारियों की सुस्त मांग तथा कमजोर वैश्विक संकेतों से भी बहुमूल्य धातु की कीमत प्रभावित हुई। 

हालांकि, अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना गिरावट के साथ 1,287.10 डॉलर प्रति औंस पर रहा, जबकि चांदी हानि दर्शाता हुए 15.01 डॉलर प्रति औंस पर रही। इससे पहले शनिवार को सोना 30 रुपए घटकर 32,820 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। पिछले तीन कारोबारी सत्रों में सोने में 250 रुपए की गिरावट आई थी। 

दिल्ली सर्राफा बाजार में, 99.9 प्रतिशत और 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना क्रमश: 200-200 रुपए गिरकर 32,620 रुपए और 32,450 रुपए प्रति दस ग्राम रह गया। जबकि आठ ग्राम वाली गिन्नी का भाव 26,400 रुपए प्रति इकाई के पूर्वस्तर पर टिका रहा। 

चांदी हाजिर 80 रुपए घटकर 38,100 रुपए प्रति किलोग्राम और चांदी साप्ताहिक डिलिवरी 232 रुपए गिरकर 36,988 रुपए प्रति किलो रह गई। वहीं, दूसरी ओर चांदी सिक्का लिवाल एवं बिकवाल का भाव क्रमश: 80,000 रुपए और 81,000 रुपए प्रति सैकड़ा के पूर्व स्तर पर टिका रहा। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा