1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Gold Rate Today: कमजोर मांग से सोना 400 रुपए टूटा, चांदी की चमक भी पड़ी फीकी

Gold Rate Today: कमजोर मांग से सोना 400 रुपए टूटा, चांदी की चमक भी पड़ी फीकी

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Jul 12, 2019 05:26 pm IST,  Updated : Jul 12, 2019 05:26 pm IST

चीन के निराशाजनक व्यापार आंकड़ों के बाद सोने की कीमतों को कुछ समर्थन मिल सकता है।

Gold prices fall Rs 400 on lacklustre demand- India TV Hindi
Gold prices fall Rs 400 on lacklustre demand Image Source : GOLD PRICES FALL

नई दिल्ली। स्थानीय आभूषण विनिर्माताओं की मांग घटने से दिल्ली सर्राफा बाजार में शुक्रवार को सोना 400 रुपए टूटकर 35,400 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। हालांकि, वैश्विक बाजारों में सोने की चमक बढ़ी। अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने बताया कि औद्योगिक इकाइयों का उठाव घटने से चांदी भी 125 रुपए टूटकर 39,075 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई।  

वैश्विक स्तर पर न्यूयॉर्क में सोना बढ़त के साथ 1,409.40 डॉलर प्रति औंस तथा चांदी भी बढ़त के साथ 15.21 डॉलर प्रति औंस पर चल रही थी। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ जिंस विश्लेषक तपन पटेल ने कहा कि सोने की कीमतों को आज कुछ समर्थन मिला। इसकी वजह यह है कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि चीन तय मात्रा के मुताबिक कृषि उत्पादों की खरीद नहीं कर रहा है। पटेल ने कहा कि चीन के निराशाजनक व्यापार आंकड़ों के बाद सोने की कीमतों को कुछ समर्थन मिल सकता है।

दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 99.9 प्रतिशत और 99.5 प्रतिशत शुद्धता 400-400 रुपए टूटकर क्रमश: 35,400 रुपए और 35,230 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। आठ ग्राम वाली गिन्नी 27,400 रुपए प्रति इकाई पर कायम रही। गुरुवार को सोना 930 रुपए चढ़ा था।

चांदी हाजिर 125 रुपए के नुकसान से 39,075 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई। साप्ताहिक डिलिवरी के भाव 177 रुपए के नुकसान से 38,179 रुपए प्रति किलोग्राम रह गए। चांदी सिक्का लिवाल 81,000 रुपए और बिकवाल 82,000 रुपए प्रति सैकड़ा पर कायम रहा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा