1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Gold Rate today: एक महीने के उच्‍च स्‍तर पर पहुंचा सोना, चांदी ने फि‍र छुआ 40 हजार का आंकड़ा

Gold Rate today: एक महीने के उच्‍च स्‍तर पर पहुंचा सोना, चांदी ने फि‍र छुआ 40 हजार का आंकड़ा

 Edited By: Abhishek Shrivastava
 Published : Jan 05, 2018 03:58 pm IST,  Updated : Jan 05, 2018 03:58 pm IST
gold rate today- India TV Hindi
gold rate today

नई दिल्‍ली। विदेशों में सकारात्‍मक रुख और स्‍थानीय ज्‍वेलर्स द्वारा एक बार फिर से खरीदारी शुरू करने की वजह से सोना कल की गिरावट से उबरते हुए आज 135 रुपए के उछाल के साथ 30,500 रुपए प्रति दस ग्राम के भाव पर पहुंच गया। यह सोने का पिछले एक महीने का सबसे ऊंचा स्‍तर है। चांदी में भी आज तेजी रही और औद्योगिक इकाइयों एवं सिक्‍का निर्माताओं की ओर से उठान बढ़ने से इसका भाव एक बार फिर 40,000 रुपए प्रति किलोग्राम हो गया।

सर्राफा कारोबारियों का कहना है कि सोने की कीमतों में यह तेजी विदेशों में सकारात्‍मक रुख बनने की वजह से आई है, जहां डॉलर के चार माह के निम्‍न स्‍तर पर पहुंच जाने की वजह से कीमती धातुओं की मांग सुरक्षित निवेश के लिए बढ़ गई है। अंतरराष्‍ट्रीय स्‍तर पर न्‍यूयॉर्क में कल के कारोबार के दौरान सोना 0.72 प्रतिशत उछलकर 1322 डॉलर प्रति औंस हो गया। चांदी भी 0.58 प्रतिशत की तेजी के साथ 17.20 डॉलर प्रति औंस हो गई। इसके अलावा घरेलू हाजिर बाजार में स्‍थानीय ज्‍वेलर्स की खरीद बढ़ने से भी सोने-चांदी की कीमतों को बल मिला।

राष्‍ट्रीय राजधानी में 99.9 प्रतिशत और 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव आज 135-135 रुपए बढ़ने के बाद क्रमश: 30,500 रुपए और 30,350 रुपए प्रति दस ग्राम हो गया। इससे पहले 2 दिसंबर को सोना इस स्‍तर पर पहुंचा था। कल के कारोबार के दौरान सोने में 85 रुपए की गिरावट आई थी। हालांकि गिन्‍नी का भाव 24,700 रुपए प्रति आठ ग्राम पर स्थिर बना रहा।

सोने की तरह ही आज चांदी तैयार भी 360 रुपए चढ़कर 40,000 रुपए प्रति किलोग्राम के स्‍तर पर पहुंच गई। साप्‍ताहिक आधार पर डिलीवरी का भाव भी आज 220 रुपए बढ़कर 39,200 रुपए प्रति किलोग्राम बोला गया। हालांकि चांदी सिक्‍कों का भाव 73,000 रुपए लिवाल और 74,000 रुपए बिकवाल प्रति सैकड़ा पर ही स्थिर बना रहा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा