1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Gold rate today: आभूषण कारोबारियों की खरीदारी से सोने में आई चमक, चांदी हुई कमजोर

Gold rate today: आभूषण कारोबारियों की खरीदारी से सोने में आई चमक, चांदी हुई कमजोर

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Jun 13, 2018 03:27 pm IST,  Updated : Jun 13, 2018 03:27 pm IST

कमजोर वैश्विक रुख के बावजूद स्थानीय आभूषण कारोबारियों की ताजा खरीदारी से दिल्ली सर्राफा बाजार में आज सोना 150 रुपए चढ़कर 31,950 रुपए प्रति दस ग्राम हो गया। इसी के साथ दो दिन से जारी गिरावट थम गई।

gold price today- India TV Hindi
gold price today Image Source : GOLD PRICE TODAY

नई दिल्ली। कमजोर वैश्विक रुख के बावजूद स्थानीय आभूषण कारोबारियों की ताजा खरीदारी से दिल्ली सर्राफा बाजार में आज सोना 150 रुपए चढ़कर 31,950 रुपए प्रति दस ग्राम हो गया। इसी के साथ दो दिन से जारी गिरावट थम गई। हालांकि, बिकवाली के दबाव में चांदी 10 रुपए गिरकर 41,550 रुपए प्रति किलोग्राम रह गई।

कारोबारियों ने कहा कि हाजिर बाजार में स्थानीय आभूषण निर्माताओं के लिवाली बढ़ाने से सोने में तेजी रही। हालांकि, वैश्विक स्तर पर कमजोर रुख ने इस तेजी को थामने का प्रयास किया। इसके अलावा, डॉलर के मुकाबले रुपए में अवमूल्यन से सोने का आयात महंगा हो गया, जिससे तेजी को समर्थन मिला। वैश्विक स्तर पर सोना 0.15 प्रतिशत गिरकर 1,293.20 डॉलर प्रति औंस रहा, जबकि चांदी 0.21 प्रतिशत गिरकर 16.80 डॉलर प्रति औंस पर रही। 

राष्ट्रीय राजधानी में 99.9 प्रतिशत और 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 150-150 रुपए चढ़कर क्रमश: 31,950 रुपए और 31,800 रुपए प्रति दस ग्राम हो गया। पिछले दो कारोबारी सत्र में सोना 250 रुपए गिरा था। हालांकि, आठ ग्राम वाली गिन्नी 24,800 रुपए प्रति इकाई पर टिकी रही। 

वहीं, दूसरी ओर चांदी हाजिर 10 रुपए गिरकर 41,550 रुपए प्रति किलोग्राम और साप्ताहिक डिलीवरी 40 रुपए गिरकर 40,620 रुपए प्रति किलोग्राम पर रही। चांदी सिक्का लिवाल और बिकवाल क्रमश: 76,000 रुपए और 77,000 रुपए प्रति सैकड़ा पर स्थिर रहे। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा