1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Gold Rate Today : कमजोर वैश्विक संकेतों से सोने की कीमतों में आई गिरावट, चांदी की चमक हुई तेज

Gold Rate Today : कमजोर वैश्विक संकेतों से सोने की कीमतों में आई गिरावट, चांदी की चमक हुई तेज

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Aug 13, 2018 03:45 pm IST,  Updated : Aug 13, 2018 03:45 pm IST

कमजोर वैश्विक संकेतों के बीच स्थानीय आभूषण कारोबारियों की मांग घटने से सोमवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 40 रुपए की गिरावट के बाद 30,660 रुपए प्रति दस ग्राम के स्‍तर पर आ गया।

Gold Price- India TV Hindi
Gold Price

नई दिल्ली कमजोर वैश्विक संकेतों के बीच स्थानीय आभूषण कारोबारियों की मांग घटने से सोमवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 40 रुपए की गिरावट के बाद 30,660 रुपए प्रति दस ग्राम के स्‍तर पर आ गया। हालांकि, औद्योगिक इकाइयों का उठाव बढ़ने से चांदी 50 रुपए मजबूत होकर 39,050 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गयी। कारोबारियों ने कहा कि तुर्की में वित्तीय संकट के बीच अन्य प्रमुख विदेशी मुद्राओं के मुकाबले डॉलर मजबूत होकर 13 महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंचने से वैश्विक स्तर पर कीमती धातुओं में कमजोर रुख रहा। इसका असर स्थानीय सर्राफा बाजार में सोने के भाव पर भी देखने को मिला।

वैश्विक स्तर पर सिंगापुर में सोना 0.57 प्रतिशत गिरकर 1,204.30 डॉलर प्रति औंस पर रहा जबकि चांदी 0.56 प्रतिशत गिरकर 15.19 डॉलर प्रति औंस पर रही। उन्होंने कहा कि इसके अलावा, स्थानीय आभूषण कारोबारियों और खुदरा विक्रेताओं की कमजोर मांग से भी सोने के भाव में गिरावट रही।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्‍ली में 99.9 प्रतिशत और 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 40-40 रुपए गिरकर क्रमश: 30,660 रुपए और 30,510 रुपए प्रति दस ग्राम रहा। शनिवार को सोना 180 रुपए मजबूत हुआ था। हालांकि, आठ ग्राम वाली गिन्नी 24,600 रुपए प्रति इकाई पर ही टिकी रही।

वहीं, दूसरी ओर चांदी हाजिर 50 रुपए मजबूत होकर 39,050 रुपए प्रति किलोग्राम और साप्ताहिक डिलीवरी चांदी 85 रुपए बढ़कर 38,050 रुपए प्रति किलोग्राम हो गयी। हालांकि, चांदी सिक्का लिवाल और बिकवाल 1,000 रुपए गिरकर क्रमश: 73,000 रुपए और 74,000 रुपए प्रति सैकड़ा पर बोला गया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा