1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Gold Rate Today: रिकॉर्ड उछाल के साथ 37,000 के करीब पहुंचा सोना, चांदी में आई 1,000 रुपए की तेजी

Gold Rate Today: रिकॉर्ड उछाल के साथ 37,000 के करीब पहुंचा सोना, चांदी में आई 1,000 रुपए की तेजी

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Aug 05, 2019 04:17 pm IST,  Updated : Aug 05, 2019 04:17 pm IST

ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन के उपाध्यक्ष सुरेंद्र जैन ने कहा कि घरेलू बाजार में 36,970 रुपए प्रति दस ग्राम का भाव अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है।

Gold surges to record high, nears Rs 37,000- India TV Hindi
Gold surges to record high, nears Rs 37,000 Image Source : GOLD SURGES TO RECORD HIG

नई दिल्‍ली। अमेरिका और चीन के बीच व्‍यापार युद्ध बढ़ने की आशंका के बीच निवेशकों का रुझान पीली धातु की ओर बढ़ने से सोमवार को सर्राफा बाजार में सोने का भाव 800 रुपए उछलकर अपने अब तक के सर्वकालिक उच्‍च स्‍तर 36,970 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया।

सोने की तरह ही चांदी में भी औद्योगिक इकाइयों और सिक्‍का निर्माताओं की मांग बढ़ने से भाव 1,000 रुपए की तेजी के साथ 43,100 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गया।  

विशेषज्ञों का कहना है कि अमेरिका-चीन के बीच व्‍यापार युद्ध और स्‍थानीय ज्‍वैलर्स की मांग की वजह से मई 2013 के बाद से सोने का दाम अपने सर्वकालिक ऊंचाई पर पहुंच गया है। पिछले हफ्ते अमेरिका ने 300 अरब डॉलर के चीनी आयात पर 10 प्रतिशत शुल्‍क लगाने की घोषणा की थी। इसके अलावा, कमजोर रुपए ने भी सोने के दाम में वृद्धि को सहारा दिया।

ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन के उपाध्‍यक्ष सुरेंद्र जैन ने कहा‍ कि घरेलू बाजार में 36,970 रुपए प्रति दस ग्राम का भाव अब तक का सबसे ऊंचा स्‍तर है। वैश्विक स्‍तर पर, सोना 1.13 प्रतिशत की तेजी के साथ 1457.30 डॉलर प्रति औंस, जबकि चांदी 1.51 प्रतिशत तेजी के साथ 16.53 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी।

राष्‍ट्रीय राजधानी में 99.9 प्रतिशत और 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 800-800 रुपए की तेजी के साथ बढ़कर क्रमश: 36,970 रुपए और 36,800 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया। शनिवार को सोना 540 रुपए उछलकर 36,170 रुपए प्रति दस ग्राम हो गया था। सोमवार को गिन्‍नी का भाव भी 100 रुपए की तेजी के साथ 27,600 रुपए प्रति आठ ग्राम हो गया।

चांदी हाजिर का भाव 1,000 रुपए की तेजी के साथ 43,100 रुपए प्रति किलोग्राम, जबकि साप्‍ताहिक आधार पर डिलीवरी का भाव 1,039 रुपए के उछाल के साथ 42,403 रुपए प्रति किलोग्राम हो गया। चांदी सिक्‍कों का भाव 85,000 रुपए लिवाल और 86,000 रुपए बिकवाल प्रति सैकड़ा पर स्थिर रहा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा