1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. डॉलर के मुकाबले रुपया 21 पैसे लुढ़ककर एक सप्ताह के निचले स्तर पर पहुंचा

डॉलर के मुकाबले रुपया 21 पैसे लुढ़ककर एक सप्ताह के निचले स्तर पर पहुंचा

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Jan 18, 2021 08:53 pm IST,  Updated : Jan 18, 2021 08:53 pm IST

आज के कारोबार में रुपया 73.21 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह 73.30 प्रति डॉलर के दिन के निचले स्तर और 73.18 प्रति डॉलर के दिन के उच्चतम स्तर के दायरे में रहा।

एक सप्ताह के निचले...- India TV Hindi
एक सप्ताह के निचले स्तर पर रुपया Image Source : PTI

नई दिल्ली। अमेरिकी डॉलर में मजबूती तथा घरेलू शेयर बाजारों में नरमी के बीच सोमवार को रुपये में गिरावट दर्ज की गयी और यह एक सप्ताह के निचले स्तर पर आ गया। अंतरबैंकिंग मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 21 पैसे नरम होकर 73.28 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। आज के कारोबार में रुपया 73.21 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह 73.30 प्रति डॉलर के दिन के निचले स्तर और 73.18 प्रति डॉलर के दिन के उच्चतम स्तर के दायरे में रहा। कारोबार के अंत में घरेलू करंसी पिछले दिन के मुकाबले 21 पैसे गिरकर 73.28 प्रति डॉलर पर बंद हुई। पिछले कारोबारी सत्र यानि शुक्रवार को रुपया 73.07 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। इस बीच छह प्रमुख अंतरराष्ट्रीय मुद्राओं के बास्केट में डॉलर का सूचकांक 0.15 प्रतिशत बढ़कर 90.91 पर आ गया।

शेयरखान बाय बीएनपी परिबास के शोध विश्लेषक सैफ मुकादम ने कहा, ‘‘घरेलू बाजार में जोखिम से बचाव की प्रवृत्ति उभरने तथा डॉलर में मजबूती आने से रुपया नरम हुआ है।’’ उन्होंने कहा कि शेयर बाजारों में गिरावट तथा दुनिया भर में कोरोना वायरस के मामले बढ़ने से डॉलर की मांग निवेशकों के बीच बढ़ी है। वहीं मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के विदेशी मुद्रा एवं बुलियन विश्लेषक गौरांग सोमैया ने कहा, ‘‘सत्र की शुरुआत से मध्य तक रुपया सीमित दायरे में मजबूती के साथ बना रहा, लेकिन उसके बाद घरेलू शेयर बाजारों में गिरावट के चलते लुढ़क गया। प्रमुख मुद्राओं की तुलना में डॉलर के तेज होने से रुपया नरम हुआ।’’

घरेलू मोर्चे पर बीएसई सेंसेक्स 470.40 अंक यानी 0.96 प्रतिशत गिरकर 48,564.27 अंक पर बंद हुआ। इसी तरह एनएसई का निफ्टी 152.40 अंक यानी 1.06 प्रतिशत घटकर 14,281.30 अंक पर बंद हुआ। विदेशी पोर्टफोलियो निवेशक (एफपीआई) पूंजी बाजार में शुद्ध खरीदार बने रहे। आंकड़ों के अनुसार, एफपीआई ने शुक्रवार को शुद्ध आधार पर 971.06 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। इस बीच कच्चा तेल का वैश्विक बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 0.24 प्रतिशत की गिरावट के साथ 54.97 डालर प्रति बैरल पर चल रहा था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा