1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. डॉलर के मुकाबले रुपये में मजबूती, 15 पैसे बढ़कर 72.37 के स्तर पर बंद

डॉलर के मुकाबले रुपये में मजबूती, 15 पैसे बढ़कर 72.37 के स्तर पर बंद

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Mar 22, 2021 04:56 pm IST,  Updated : Mar 22, 2021 04:56 pm IST

करंसी मार्केट में आज घरेलू करंसी मजबूती के साथ 72.47 के स्तर पर खुली। कारोबार के दौरान इसमें मजबूती और बढ़ गई, जिसके साथ रुपया 72.34 प्रति डॉलर के दिन के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। कारोबार के अंत डॉलर के मुकाबले रुपया 72.37 के स्तर पर बंद हुआ।

डॉलर के मुकाबले रुपये...- India TV Hindi
डॉलर के मुकाबले रुपये में मजबूती Image Source : PTI

नई दिल्ली। सोमवार के कारोबार में डॉलर के मुकाबले रुपये में मजबूती देखने को मिली है। आज के कारोबार में रुपया 15 पैसे की मजबूती के साथ 72.37 रुपये प्रति डॉलर के स्तर पर बंद हुआ है। रुपये में आज की मजबूती विदेशी फंड्स की तरफ से देश में निवेश प्रवाह जारी रहने और कच्चे तेल में नरमी की वजह से देखने को मिला है। हालांकि विदेशी मुद्रा कारोबारियों के मुताबिक आज के कारोबार के दौरान दूसरी विदेशी मुद्राओं के मुकाबले डॉलर में मजबूती और घरेलू स्टॉक मार्केट में गिरावट से रुपये की मजबूती पर कुछ असर भी पड़ा है। 

करंसी मार्केट में आज घरेलू करंसी मजबूती के साथ 72.47 के स्तर पर खुली। कारोबार के दौरान इसमें मजबूती और बढ़ गई, जिसके साथ रुपया 72.34 प्रति डॉलर के दिन के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। कारोबार के अंत डॉलर के मुकाबले रुपया 72.37 के स्तर पर बंद हुआ। इससे पिछले कारोबारी सत्र में रुपया डॉलर के मुकाबले 72.52 के स्तर पर बंद हुआ था।  रिलायंस सिक्योरिटीज के मुताबिक विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने इस महीने में अब तक 2.5 अरब डॉलर मूल्य के शेयर खरीदे हैं। वहीं बाजार के आंकड़ों के मुताबिक शुक्रवार को विदेशी निवेशको ने बाजार में 1418 करोड़ रुपये की खरीद की है। विदेशी निवेशकों के द्वारा जारी इस निवेश प्रवाह से रुपये को सहारा मिला है।

वहीं 6 प्रमुख विदेशी मुद्राओं के मुकाबले डॉलर के प्रदर्शन को दर्शाने वाला डॉलर इंडेक्स 0.05 प्रतिशत की बढ़त के साथ 91.97 के स्तर पर पहुंच गया। पिछले एक महीने के दौरान डॉलर के मुकाबले रुपये में तेज उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। हालांकि साल 2021 में इसमें लगातार मजबूती का ही रुख रहा है। साल की शुरुआत में रुपया 73 के स्तर के ऊपर था, वहीं इस दौरान रुपया 73.6 के स्तर तक भी पहुंचा, हालांकि रुपये में इसी के साथ साथ तेज रिकवरी भी देखने को मिली। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा