1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. डॉलर के मुकाबले रुपये में बढ़त जारी, 2 पैसे की बढ़त के साथ 72.92 प्रति डॉलर पर बंद

डॉलर के मुकाबले रुपये में बढ़त जारी, 2 पैसे की बढ़त के साथ 72.92 प्रति डॉलर पर बंद

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Jan 27, 2021 08:25 pm IST,  Updated : Jan 27, 2021 08:25 pm IST

आज रुपये में डॉलर के मुकाबले लगातार छठे दिन की बढ़त देखने को मिली है। इन 6 दिनों में रुपया 73.28 प्रति डॉलर से मजबूत होकर 72.92 प्रति डॉलर के स्तर पर पहुंच गया है।

डॉलर के खिलाफ रुपये...- India TV Hindi
डॉलर के खिलाफ रुपये में बढ़त जारी Image Source : PTI

नई दिल्ली। अमेरिकी केन्द्रीय बैंक-फेडरल रिजर्व की बैठक के नतीजे सामने आने से पहले अंतरबैंक विदेशीमुद्रा विनिमय बाजार में बुधवार को रुपया डॉलर के मुकाबले दो पैसे की तेजी के साथ 72.92 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। बाजार सूत्रों ने कहा कि घरेलू शेयर बाजार में जबर्दस्त बिकवाली के वलते रुपये की विनिमय दर में सुधार कुछ सीमित हो गया।

दिन के कारोबार में रुपया 72.91 के स्तर पर खुला। कारोबार के दौरान रुपया 72.78 के उच्च स्तर और 72.94 के दिन के निम्न स्तर तक पहुंचा। कारोबार के अंत में रुपया दो पैसे मजबूत होकर 72.92 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। सोमवार को कारोबार के बंद के समय विनिमय दर 72.94 रुपये प्रति डॉलर थी। मंगलवार को गणतंत्र दिवस का अवकाश था। इस बीच छह प्रमुख मुद्राओं के बीच डॉलर की स्थिति दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.25 प्रतिशत बढ़कर 90.39 हो गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशक पूंजी बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे और उन्होंने सोमवार को शुद्ध रूप से 765.30 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। वैश्विक तेल बाजार का संकेत माने जोने वाले ब्रेंट क्रूड का वायदा भाव 0.61 प्रतिशत बढ़कर 56.25 डालर प्रति बैरल पर बोला जा रहा था।

आज रुपये में डॉलर के मुकाबले लगातार छठे दिन की बढ़त देखने को मिली है। इन 6 दिनों में रुपया 73.28 प्रति डॉलर से मजबूत होकर 72.92 प्रति डॉलर के स्तर पर पहुंच गया है। इन 6 दिनों में रुपया 36 पैसे यानि करीब आधा फीसदी मजबूत हुआ है। रुपया का आज का बंद स्तर जनवरी के महीने में सबसे ऊंचा स्तर रहा है। 11 जनवरी को रुपया 73.40 के स्तर पर पहुंचा था, जो कि जनवरी के महीने में रुपया  का सबसे निचला स्तर है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा