1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Gold Price Today : शेयर बाजार की रिकॉर्ड तेजी के साथ ही सोने की कीमतों में आई गिरावट, चांदी भी हुई कमजोर

Gold Price Today : शेयर बाजार की रिकॉर्ड तेजी के साथ ही सोने की कीमतों में आई गिरावट, चांदी भी हुई कमजोर

 Edited By: Manish Mishra
 Published : Jan 29, 2018 04:32 pm IST,  Updated : Jan 29, 2018 04:32 pm IST

सोमवार को जहां भारतीय शेयर बाजार ने एक नया रिकॉर्ड बनाया वहीं कमजोर वैश्विक रुख और स्थानीय कारोबारियों की मांग घटने से दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 80 रुपए टूटकर 31,120 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया।

Gold- India TV Hindi
Gold

नई दिल्ली सोमवार को जहां भारतीय शेयर बाजार ने एक नया रिकॉर्ड बनाया वहीं कमजोर वैश्विक रुख और स्थानीय कारोबारियों की मांग घटने से दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 80 रुपए टूटकर 31,120 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। इसके साथ ही औद्योगिक इकाइयों तथा सिक्का विनिर्माताओं की मांग घटने से चांदी भी 200 रुपए के नुकसान से 40,450 रुपए प्रति किलोग्राम रह गई। कारोबारियों ने कहा कि कमजोर वैश्विक रुख, स्थानीय सर्राफा कारोबारियों तथा फुटकर विक्रेताओं की कमजोर मांग से सोने की कीमतों में गिरावट आई।

वैश्विक स्तर पर सिंगापुर में सोना 0.20 प्रतिशत टूटकर 1,346.60 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। चांदी भी 0.23 प्रतिशत के नुकसान से 17.34 डॉलर प्रति औंस रही। उन्होंने कहा कि इसके अलावा निवेशक लगातार रिकॉर्ड बना रहे शेयर बाजारों की ओर रुख कर रहे हैं, इससे भी लिवाली गतिविधियां प्रभावित हुईं।

राष्ट्रीय राजधानी में सोना 99.9 और 99.5 प्रतिशत शुद्धता 80-80 रुपये टूटकर क्रमश: 31,120 रुपए और 30,970 रुपए प्रति दस ग्राम रह गया। शनिवार को बहुमूल्य धातु कीमतों में 250 रुपए की गिरावट आई थी। गिन्नी के भाव 24,800 रुपये प्रति आठ ग्राम पर स्थिर रहे।

सोने की तरह चांदी हाजिर भी 200 रुपए टूटकर 40,450 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। साप्ताहिक, डिलीवरी के भाव 80 रुपए के नुकसान से 39,880 रुपए प्रति किलोग्राम रह गए। चांदी सिक्का 1,000 रुपए टूटकर लिवाल 74,000 रुपए प्रति सैकड़ा और बिकवाल 75,000 रुपए प्रति सैकड़ा पर आ गया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा