1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. अमेरिका-चीन के बीच बढ़ते तनाव से निवेशक हुए सतर्क, सेंसेक्‍स ने 5वें दिन लगातार लगाया गोता

अमेरिका-चीन के बीच बढ़ते तनाव से निवेशक हुए सतर्क, सेंसेक्‍स ने 5वें दिन लगातार लगाया गोता

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : May 07, 2019 05:33 pm IST,  Updated : May 07, 2019 05:33 pm IST

तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 323.71 अंक यानी 0.84 प्रतिशत की गिरावट के साथ 38,276.63 अंक पर बंद हुआ।

bse sensex- India TV Hindi
bse sensex Image Source : PTI

मुंबई। अमेरिका और चीन के बीच फ‍िर से बढ़ते व्‍यापार युद्ध को देखते हुए दुनियाभर के निवेशक सतर्क हो गए हैं, जिसके चलते स्थानीय शेयर बाजारों में लगातार पांचवें दिन मंगलवार को भी गिरावट दर्ज की गई। बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 324 अंक तथा नेशनल स्‍टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 100 अंक से अधिक टूट कर बंद हुआ। 

अमेरिका-चीन के बीच व्यापार युद्ध तथा कंपनियों के वित्तीय परिणाम के फीके रहने से निवेशकों का उत्साह प्रभावित हुआ है। घरेलू शेयर बाजारों में शुरूआती कारोबार में तेजी रही लेकिन चीन-आमेरिका-तनाव पर दिन में अंतरराष्ट्रीय मुद्राकोष प्रमुख क्रिस्टीन लेगार्ड के बयान से निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई और स्थानीय बाजार में बिकवाली दबाव बढ़ गया। 

लेगार्ड ने कहा कि अमेरिका-चीन के बीच तनाव विश्व अर्थव्यवस्था के लिए खतरा है। मुख्य रूप से टाटा मोटर्स, आईसीआईसीआई बैंक, भारती एयरटेल तथा रिलायंस इंडस्ट्रीज में 4.60 प्रतिशत तक की गिरावट से सेंसेक्स नीचे आया। 

तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 323.71 अंक यानी 0.84 प्रतिशत की गिरावट के साथ 38,276.63 अंक पर बंद हुआ। बीएसई सूचकांक कारोबार के दौरान 38,236.18 से 38,835.54 अंक के दायरे में रहा। 

इसी प्रकार, एनएसई निफ्टी 100.35 अंक की गिरावट के साथ 11,497.90 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 11,484.45 से 11,657.05 अंक के दायरे में रहा। 
सेंसेक्स के शेयरों में एचयूएल, एलएंडटी, पावरग्रिड, इन्फोसिस, ओएनजीसी तथा बजाज ऑटो 1.37 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुए। एशिया के अन्य बाजारों में चीन का शंघाई कंपोजिट सूचकांक बढ़त में रहा। वहीं जापान तथा कोरिया के बाजार नुकसान में रहे। यूरोप के प्रमुख बाजारों में भी शुरुआती कारोबार में गिरावट का रुख रहा। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा