1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. मिले-जुले वैश्विक रुख के बीच शेयर बाजारों में मामूली गिरावट, सेंसेक्‍स 50 अंक हुआ कमजोर

मिले-जुले वैश्विक रुख के बीच शेयर बाजारों में मामूली गिरावट, सेंसेक्‍स 50 अंक हुआ कमजोर

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : May 02, 2019 04:48 pm IST,  Updated : May 02, 2019 04:48 pm IST

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 23.40 अंक या 0.20 प्रतिशत के नुकसान से 11,724.75 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान निफ्टी 89.75 अंक के दायरे में ऊपर नीचे हुआ।

bse sensex- India TV Hindi
bse sensex Image Source : BSE SENSEX

मुंबई। उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में गुरुवार को शेयर बाजार मामूली गिरावट के साथ बंद हुए। मिले-जुले वैश्विक रुख के बीच बैंकिंग और वाहन शेयरों में कमजोरी से निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई। बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 50.12 अंक या 0.13 प्रतिशत की गिरावट के साथ 38,981.43 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 300 अंक ऊपर नीचे हुआ। कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने 38,882.99 अंक का निचला स्तर और 39,189.95 अंक का उच्चस्तर भी छुआ। 

इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 23.40 अंक या 0.20 प्रतिशत के नुकसान से 11,724.75 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान निफ्टी 89.75 अंक के दायरे में ऊपर नीचे हुआ। 

सेंसेक्स की कंपनियों में टाटा मोटर्स में सबसे अधिक 3.29 प्रतिशत की गिरावट आई। आईसीआईसीआई बैंक, इंडसइंड बैंक, इंफोसिस, एचसीएल टेक, एक्सिस बैंक, टीसीएस, हिंदुस्तान यूनिलीवर, एशियन पेंट्स, सनफार्मा, एसबीआई, टाटा स्टील और एनटीपीसी के शेयर 3.23 प्रतिशत टूटे। 

वहीं दूसरी ओर यस बैंक का शेयर सबसे अधिक 3.45 प्रतिशत सुधर गया। पावरग्रिड, एचडीएफसी, एचडीएफसी बैंक, हीरो मोटोकॉर्प, बजाज आटो, भारती एयरटेल, बजाज फाइनेंस, कोटक बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एलएंडटी, वेदांता, आईटीसी, ओएनजीसी और मारुति के शेयर 1.88 प्रतिशत तक चढ़ गए। 

कारोबारियों ने कहा कि अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व ने अपनी बेंचमार्क ब्याज दर में कोई बदलाव नहीं किया है। ऐसे में वैश्विक शेयर बाजारों में कमजोरी के रुख से निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई। 

इस बीच, देश के विनिर्माण क्षेत्र का प्रदर्शन अप्रैल में आठ महीने के निचले स्तर पर आ गया। निक्की इंडिया विनिर्माण खरीद प्रबंधक सूचकांक मार्च के 52.6 से घटकर अप्रैल में 51.8 पर आ गया। यह अगस्त, 2018 से कारोबारी परिस्थितियों में सबसे कमजोर सुधार है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा