1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. सेंसेक्स में 134 अंक की बढ़त, निफ्टी 15850 के पार

सेंसेक्स में 134 अंक की बढ़त, निफ्टी 15850 के पार

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Jul 14, 2021 04:45 pm IST,  Updated : Jul 14, 2021 04:45 pm IST

आज के कारोबार में सबसे ज्यादा तेजी आईटी सेक्टर में देखने को मिली। दूसरी तरफ रियल्टी औऱ सरकारी बैंकों में दबाव देखने को मिला।

आईटी स्टॉक्स ने...- India TV Hindi
आईटी स्टॉक्स ने संभाला बाजार Image Source : PTI

नई दिल्ली। आईटी शेयर में आई खरीद की मदद से घरेलू शेयर बाजार बुधवार को बढ़त के साथ बंद होने में कामयाब रहे।  आज के कारोबार में बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 134.32 अंक या 0.25 प्रतिशत की बढ़त के साथ 52,904.05 अंक पर पहुंच गया। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 41.60 अंक या 0.26 प्रतिशत के लाभ से 15,853.95 अंक रहा। आज के कारोबार में सबसे ज्यादा तेजी आईटी सेक्टर में देखने को मिली। दूसरी तरफ रियल्टी औऱ सरकारी बैंकों में दबाव देखने को मिला।

कैसा रहा आज का कारोबार

आज के कारोबार की शुरुआत में बाजार मे दबाव देखने को मिला, हालांकि आईटी स्टॉक में तेजी से बाजार इस दबाव से उबर गया। बुधवार के कारोबार में आईटी सेक्टर इंडेक्स 3.16 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुए। वहीं फार्मा सेक्टर में 0.32 प्रतिशत की बढ़त रही है। मेटल सेक्टर में भी मामूली बढ़त देखने को मिली। दूसरी तरफ रियल्टी  सेक्टर, पीएसयू बैंक, ऑटो, पावर और एफएमसीजी सेक्टर में भी नुकसान देखने को मिला। वहीं सेंसेक्स की कंपनियों में टेक महिंद्रा का शेयर सबसे अधिक दो प्रतिशत चढ़ गया। एचसीएल टेक, इन्फोसिस, एलएंडटी, टाटा स्टील और आईटीसी के शेयर भी लाभ में रहे। वहीं दूसरी ओर मारुति, हिंदुस्तान यूनिलीवर, नेस्ले इंडिया तथा डॉ. रेड्डीज के शेयरों में गिरावट आई। 

क्यों आई बढ़त
एमके ग्लोबल फाइनेंशियल सर्विसेज के प्रमुख-बिक्री कारोबार एस हरिहरन ने कहा, ‘‘संस्थागत भागीदारी दर घटने का बाजार में रोजाना के कारोबार की मात्रा में 20 प्रतिशत की गिरावट में कुछ हिस्सा है। हालांकि, वायदा खंड में खुदरा भागीदारी मजबूत बनी हुई है।’’ उन्होंने कहा कि इसके अलावा निवेशकों ने जोमैटो, तत्व चिंतन तथा क्लीन साइंस के आईपीओ में काफी रुचि दिखाई है जिससे द्वितीयक बाजार में प्रवाह कुछ कम हुआ है। अन्य एशियाई बाजारों में चीन के शंघाई कम्पोजिट, दक्षिण कोरिया के कॉस्पी, हांगकांग के हैंगसेंग तथा जापान के निक्की में गिरावट आई। दोपहर के कारोबार में यूरोपीय बाजार नुकसान में थे। इस बीच, अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क ब्रेंट कच्चा तेल 0.82 प्रतिशत के नुकसान से 75.86 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। 

यह भी पढ़ें: यहां 22 प्रतिशत तक बढ़ सकती है आपकी रकम, दिग्गजों ने दी है निवेश की सलाह

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा