1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. रिलायंस पावर को मार्च तिमाही में हुआ 126 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट, खर्च में भी बड़ी गिरावट

रिलायंस पावर को मार्च तिमाही में हुआ 126 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट, खर्च में भी बड़ी गिरावट

 Written By: Sunil Chaurasia
 Published : May 09, 2025 11:49 pm IST,  Updated : May 09, 2025 11:49 pm IST

रिलायंस पावर ने बताया कि चौथी तिमाही में कंपनी का कुल खर्च घटकर 1998.49 करोड़ रुपये रह गया, जो एक साल पहले इसी अवधि में 2615.15 करोड़ रुपये था।

reliance power, anil ambani, reliance group, reliance power share price, reliance power results, rel- India TV Hindi
चौथी तिमाही में कंपनी का कुल खर्च घटकर 1998.49 करोड़ रुपये हुआ Image Source : INDIA TV

अनिल अंबानी के नेतृत्व वाली पावर कंपनी- रिलायंस पावर ने शुक्रवार को अपने वित्तीय नतीजे जारी कर दिए। रिलायंस पावर ने शुक्रवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि वित्त वर्ष 2024-25 की जनवरी-मार्च तिमाही में कंपनी ने 126 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया। बताते चलें कि वित्त वर्ष 2023-24 की चौथी तिमाही में रिलायंस पावर को 397.26 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था। हालांकि, रिलायंस पावर की इनकम में कमी दर्ज की गई है। कंपनी ने शुक्रवार को कहा कि बीते वित्त वर्ष की चौथी तिमाही में उसकी कुल इनकम 2066 करोड़ रुपये रही, जो पिछले साल की समान तिमाही में 2193.85 करोड़ रुपये थी। 

चौथी तिमाही में कंपनी का कुल खर्च घटकर 1998.49 करोड़ रुपये हुआ

रिलायंस पावर ने बताया कि चौथी तिमाही में कंपनी का कुल खर्च घटकर 1998.49 करोड़ रुपये रह गया, जो एक साल पहले इसी अवधि में 2615.15 करोड़ रुपये था। वित्त वर्ष 2024-25 के दौरान कंपनी का एकीकृत शुद्ध लाभ 2947.83 करोड़ रुपये रहा, जबकि 2023-24 में कंपनी को 2068.38 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था। कंपनी ने 12 महीनों में मैच्यॉरिटी रीपेमेंट समेत 5338 करोड़ रुपये का कर्ज चुकाया है। इसका डेट टू इक्विटी (D/E) रेशो पिछले वित्त वर्ष में घटकर 0.88 हो गया, जो वित्त वर्ष 2023-24 में 1.61 था।

एनएसई पर 1.39 प्रतिशत की बढ़त लेकर बंद हुआ रिलायंस पावर का शेयर

आज शुक्रवार को रिलायंस पावर के शेयर एनएसई पर 1.39 प्रतिशत (0.53 रुपये) की बढ़त के साथ 38.79 रुपये के भाव पर बंद हुए। आज कारोबार के दौरान कंपनी के शेयर 38.89 रुपये के इंट्राडे हाई से लेकर 37.00 रुपये के इंट्राडे लो तक पहुंचे। हालांकि, कंपनी के शेयर अभी भी अपने 52 वीक हाई से काफी नीचे हैं। रिलायंस पावर के शेयर 3 अक्टूबर, 2024 को एनएसई पर 53.64 रुपये के भाव पर पहुंचे थे, जो इसका मौजूदा 52 वीक हाई है। कंपनी के शेयर का 52 वीक लो 23.30 रुपये है। एनएसई के डेटा के मुताबिक, रिलायंस पावर का मौजूदा मार्केट कैप 15,581.83 करोड़ रुपये है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा