1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. बैंकिंग शेयरों ने बिगाड़ा पूरा खेल! सेंसेक्स 400 अंक से ज्यादा टूटा, निफ्टी भी फिसला; जानिए किन शेयरों ने कराया ज्यादा नुकसान?

बैंकिंग शेयरों ने बिगाड़ा पूरा खेल! सेंसेक्स 400 अंक से ज्यादा टूटा, निफ्टी भी फिसला; जानिए किन शेयरों ने कराया ज्यादा नुकसान?

 Written By: Shivendra Singh
 Published : Jul 20, 2026 03:45 pm IST,  Updated : Jul 20, 2026 03:45 pm IST

सोमवार को बैंकिंग शेयरों में भारी बिकवाली के चलते सेंसेक्स 400 अंकों से ज्यादा टूट गया, जबकि निफ्टी भी 24,250 के नीचे फिसल गया। हालांकि, फार्मा, पीएसयू बैंक और मेटल सेक्टर के शेयरों में खरीदारी देखने को मिली, जिससे बाजार में गिरावट कुछ हद तक सीमित रही।

शेयर बाजार में बड़ी...- India TV Hindi
शेयर बाजार में बड़ी गिरावट Image Source : CANVA

हफ्ते के पहले कारोबारी दिन शेयर बाजार में निवेशकों को निराशा हाथ लगी। सोमवार को बैंकिंग शेयरों में भारी बिकवाली के चलते घरेलू बाजार लाल निशान में बंद हुआ। बीएसई सेंसेक्स 442.93 अंक टूटकर 77,708.52 पर बंद हुआ, जबकि एनएसई निफ्टी 95.80 अंक की गिरावट के साथ 24,238.50 पर आ गया। दिनभर बाजार में उतार-चढ़ाव देखने को मिला, लेकिन आखिर में बैंकिंग सेक्टर की कमजोरी बाजार पर भारी पड़ गई।

निफ्टी के सबसे ज्यादा नुकसान वाले शेयरों में एक्सिस बैंक, एचडीएफसी बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, मारुति सुजुकी और जियो फाइनेंशियल सर्विसेज शामिल रहे। इन दिग्गज शेयरों में बिकवाली का असर पूरे बाजार पर साफ दिखाई दिया। दूसरी ओर ट्रेंट, सिप्ला, पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन, भारती एयरटेल और JSW स्टील ने अच्छी बढ़त दर्ज कर बाजार को कुछ हद तक सहारा देने की कोशिश की।

PSU बैंक और फार्मा सेक्टर ने दिखाई मजबूती

हालांकि बाजार में गिरावट रही, लेकिन कई सेक्टरों ने शानदार प्रदर्शन किया। निफ्टी पीएसयू बैंक इंडेक्स 2.8% की बढ़त के साथ सबसे बड़ा गेनर रहा। इसके अलावा फार्मा, मीडिया, एनर्जी, मेटल, ऑयल एंड गैस, इंफ्रास्ट्रक्चर, एफएमसीजी और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स सेक्टरों में भी अच्छी खरीदारी देखने को मिली। वहीं, निफ्टी प्राइवेट बैंक इंडेक्स 2.2% टूटकर सबसे कमजोर सेक्टर रहा। वहीं बैंक, ऑटो और रियल्टी सेक्टर भी दबाव में बंद हुए।

मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों ने दी राहत

बाजार की गिरावट के बीच मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों ने निवेशकों को थोड़ी राहत दी। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स करीब 0.6% की बढ़त के साथ बंद हुआ, जबकि स्मॉलकैप 100 इंडेक्स भी मामूली बढ़त दर्ज करने में सफल रहा। इससे साफ है कि छोटे और मझोले शेयरों में निवेशकों की रुचि बनी हुई है।

रुपया भी हुआ कमजोर

शेयर बाजार के साथ-साथ भारतीय रुपया भी दबाव में रहा। सोमवार को रुपया डॉलर के मुकाबले 17 पैसे कमजोर होकर 96.45 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। पिछले कारोबारी सत्र में यह 96.28 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

निवेशकों के लिए क्या संकेत?

बैंकिंग शेयरों में आई कमजोरी ने पूरे बाजार का रुख बदल दिया। आने वाले दिनों में कंपनियों के तिमाही नतीजे, विदेशी निवेशकों की गतिविधियां और वैश्विक बाजारों का रुख भारतीय शेयर बाजार की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएंगे। ऐसे में निवेशकों को फिलहाल सतर्क रहकर निवेश करने की सलाह दी जा रही है।

Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। किसी भी प्रकार के निवेश से पहले या वित्तीय जोखिम लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के जोखिम के लिए उत्तरदायी नहीं होगा।

यह भी पढ़ें- JM Financial ने बजाज फाइनेंस के लिए दी 'BUY' रेटिंग, ब्रोकरेज ने टारगेट प्राइस भी बढ़ाया

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा