1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. ट्रंप के टैरिफ का शेयर बाजार में दिखा टेरर, सेंसेक्स 765 अंक टूटकर बंद, निफ्टी भी पस्त, ये प्रमुख शेयर लुढ़के

ट्रंप के टैरिफ का शेयर बाजार में दिखा टेरर, सेंसेक्स 765 अंक टूटकर बंद, निफ्टी भी पस्त, ये प्रमुख शेयर लुढ़के

 Edited By: Sourabha Suman
 Published : Aug 08, 2025 04:12 pm IST,  Updated : Aug 08, 2025 04:26 pm IST

शुक्रवार को टैरिफ को लेकर चिंताओं और विदेशी फंड आउटफ्लो के बीच भारतीय शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में तेज गिरावट दर्ज की गई।

ज्यादातर एशियाई शेयर बाजारों में शुक्रवार को गिरावट देखने को मिली।- India TV Hindi
ज्यादातर एशियाई शेयर बाजारों में शुक्रवार को गिरावट देखने को मिली। Image Source : PTI

घरेलू शेयर बाजार पर अमेरिका की तरफ से भारत पर लगाए 50 प्रतिशत टैरिफ का लगातार देखा जा रहा है। सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को बीएसई सेंसेक्स 8 अगस्त को 765.47 अंक लुढ़ककर 79857.79 के लेवल पर बंद हुआ। इसी तरह, निफ्टी भी पस्त होकर 232.85 अंकों की जोरदार कमजोरी के साथ 24,366.30 के लेवल पर टिका। शुक्रवार के कारोबार में आईटी और फार्मा शेयरों में तेज गिरावट के बाद सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट आई, हालांकि प्रस्तावित अमेरिकी-रूसी राष्ट्रपति बैठक की उम्मीद ने गिरावट को सीमित कर दिया।

सबसे ज्यादा प्रभावित कंपनियां

शुक्रवार को कारोबार के दौरान सेंसेक्स में भारती एयरटेल, टाटा मोटर्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा, कोटक महिंद्रा बैंक, एक्सिस बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर कमजोर रहे। वहीं, एनटीपीसी, टाइटन, ट्रेंट, आईटीसी और बजाज फिनसर्व के शेयर उछाल के साथ बंद हुए।

विदेशी और घरेलू निवेशकों का रुख

पीटीआई की खबर के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बीते गुरुवार को लगभग 4,997.19 करोड़ रुपये के शेयर बेचे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 10,864.04 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। गुरुवार से अमेरिकी सरकार द्वारा भारत से आयातित सामान पर लागू किए गए 25% टैरिफ का असर भी बाजार में दिखा।

ज्यादातर एशियाई शेयर बाजारों में गिरावट

ज्यादातर एशियाई शेयर बाजारों में शुक्रवार को गिरावट देखने को मिली, हालांकि जापान का टोक्यो निक्केई 225 सूचकांक 2.2% तक उछल गया, हालांकि बाद में यह लाभ थोड़ा घटकर 1.9% पर रहा और 41,820.48 के स्तर पर बंद हुआ। पीटीआई की खबर के मुताबिक, इस तेजी की मुख्य वजह यह रही कि जापानी अधिकारियों ने अमेरिका के साथ टैरिफ को लेकर जारी विवाद का समाधान कर लिया है। गुरुवार से लागू हुए नए अमेरिकी टैरिफ पहले हुई 15% की सहमति से मेल नहीं खा रहे थे। हालांकि, जापान के मुख्य व्यापार दूत ने बताया कि अमेरिका इस गलती को सुधारने पर राजी हो गया है।

रुपया डॉलर के मुकाबले 13 पैसे टूटा

रुपया शुक्रवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 13 पैसे की गिरावट दर्ज करते हुए 87.71 (प्रारंभिक) के स्तर पर बंद हुआ। घरेलू शेयर बाजार की कमजोरी और भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर अनिश्चितता के चलते बाजार में निराशावाद बना हुआ है, जिससे रुपये पर दबाव बना हुआ है। इंटरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपये ने दिन की शुरुआत 87.56 पर की और 87.52 से 87.75 के बीच कारोबार करते हुए अंत में 87.71 (प्रारंभिक) पर बंद हुआ।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा