1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. चांदी ₹11,800 हो गई महंगी, सोना भी ₹3000 प्रति 10 ग्राम तेज, जानें आज का ताजा भाव

चांदी ₹11,800 हो गई महंगी, सोना भी ₹3000 प्रति 10 ग्राम तेज, जानें आज का ताजा भाव

 Published : Apr 15, 2026 06:37 pm IST,  Updated : Apr 15, 2026 06:41 pm IST

अक्षय तृतीया से ठीक पहले हुई इस तेजी ने ज्वेलरी कारोबारियों में खुशी का माहौल बना दिया है, हालांकि आम खरीदारों के लिए कीमतें थोड़ी महंगी हो गई हैं।

स्टोर में सोने की जूलरी पहन कर ट्राय करतीं महिलाएं।- India TV Hindi
स्टोर में सोने की जूलरी पहन कर ट्राय करतीं महिलाएं। Image Source : PTI

राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार को सोना और चांदी की कीमतों में जोरदार तेजी देखने को मिली है। अक्षय तृतीया से पहले बुधवार को चांदी की कीमत में 11,800 रुपये का बड़ा उछाल आया, जिससे यह ₹2.57 लाख प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। वहीं सोना भी 3,000 रुपये महंगा होकर ₹1.58 लाख प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गया। पीटीआई की खबर के मुताबिक, अखिल भारतीय सर्राफा संघ के मुताबिक, चांदी की कीमत में करीब 4.81% की तेजी दर्ज की गई, जो पहले ₹2,45,200 प्रति किलो पर बंद हुई थी। वहीं 99.9% शुद्धता वाला सोना करीब 2% चढ़कर ₹1,55,000 से बढ़कर ₹1,58,000 प्रति 10 ग्राम हो गया। मंगलवार को अवकाश के चलते स्थानीय सर्राफा बाजार बंद था।

क्यों बढ़े दाम

खबर के मुताबिक, व्यापारियों के अनुसार, अक्षय तृतीया से पहले ज्वैलर्स और स्टॉकिस्ट्स की ओर से बढ़ती खरीदारी के चलते कीमतों में यह उछाल आया है। इस साल अक्षय तृतीया 19 अप्रैल को मनाई जाएगी, जिसे सोना-चांदी खरीदने के लिए बेहद शुभ माना जाता है। श्रृंगार हाउस ऑफ मंगलसूत्र लिमिटेड के चेयरमैन और एमडी चेतन थड़ेश्वर ने कहा कि अक्षय तृतीया ज्वैलरी इंडस्ट्री के लिए सबसे महत्वपूर्ण समय में से एक है। उन्होंने बताया कि कीमतों में उतार-चढ़ाव के बावजूद ग्राहकों की दिलचस्पी बनी हुई है, खासकर हल्के और डिजाइनर ज्वैलरी की मांग तेजी से बढ़ रही है। 

अंतरराष्ट्रीय बाजार में गिरावट

हालांकि, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमती धातुओं की कीमतों में गिरावट देखने को मिली। स्पॉट गोल्ड करीब 1% गिरकर 4,795.97 डॉलर प्रति औंस पर आ गया, जबकि चांदी 1.2% फिसलकर 78.61 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई। HDFC सिक्योरिटीज के कमोडिटी विश्लेषक सौमिल गांधी के अनुसार, अमेरिका और ईरान के बीच संभावित समझौते की उम्मीदों से वैश्विक बाजार में दबाव बना है। इससे ऊर्जा आधारित महंगाई के खतरे में कमी आई है, जिससे सोने-चांदी की कीमतों पर असर पड़ा है।

ETF में 31,561 करोड़ रुपये का निवेश

मार्च 2026 तिमाही में गोल्ड एक्सचेंज ट्रेडेड फंड्स यानी ETFs में 31,561 करोड़ रुपये का निवेश आया। यह पिछले साल की इसी तिमाही के मुकाबले लगभग छह गुना ज़्यादा है। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के बीच निवेशकों ने सोने जैसे पारंपरिक सुरक्षित निवेश में पनाह लेना बेहतर समझा। तिमाही-दर-तिमाही आधार पर, निवेश में 36 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई और यह बढ़कर 23,132 करोड़ रुपये हो गया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा