1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. धनतेरस से पहले Gold ने कर दिया धमाका, कीमत ₹1,30,000 प्रति 10 ग्राम के पार, चांदी और ₹6000 महंगी

धनतेरस से पहले Gold ने कर दिया धमाका, कीमत ₹1,30,000 प्रति 10 ग्राम के पार, चांदी और ₹6000 महंगी

 Published : Oct 14, 2025 05:52 pm IST,  Updated : Oct 14, 2025 05:52 pm IST

ज्वेलरों और खुदरा विक्रेताओं द्वारा लगातार खरीदारी और भारतीय रुपया के लगातार कमजोर होने की वजह से आयातित सोने की लागत बढ़ गई। इससे कीमतें भी लगातार तेज हो गई हैं।

स्टोर पर मौजूद डिस्प्ले में लगे सोने के गहने।- India TV Hindi
स्टोर पर मौजूद डिस्प्ले में लगे सोने के गहने। Image Source : PTI

सोने और चांदी की बढ़ती कीमतें रुकने को तैयार नहीं। धनतेरस से पहले मंगलवार को भारतीय सर्राफा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों ने नया इतिहास रच दिया। खुदरा विक्रेताओं और ज्वेलरों द्वारा आगामी 'धनतेरस' त्योहार के मद्देनजर की गई भारी खरीदारी के कारण सोने की कीमत राष्ट्रीय राजधानी में पहली बार ₹1.3 लाख प्रति 10 ग्राम के स्तर को पार कर गई। पीटीआई की खबर के मुताबिक, ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन के मुताबिक, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत में एक ही दिन में ₹2,850 की जबरदस्त बढ़ोतरी हुई। यह बढ़ोतरी सोने का भाव ₹1,30,800 प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) तक ले गई, जो पिछली कीमत ₹1,27,950 थी। 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना भी ₹2,850 बढ़कर ₹1,30,200 प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) पर बंद हुआ।

चांदी ने भी बना दिया नया रिकॉर्ड

चांदी की कीमतें भी तेज उछाल के साथ ₹6,000 बढ़ीं। चांदी का भाव ₹1,85,000 प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) के अब तक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। यह चांदी की कीमतों में लगातार पांचवां दिन है जब वृद्धि दर्ज की गई है। इस तेजी के लिए व्यापारियों ने धातुओं की कीमतों में इस तेज उछाल के लिए निम्नलिखित दो प्रमुख कारणों को जिम्मेदार ठहराया है। इसमें ज्वेलरों और खुदरा विक्रेताओं द्वारा लगातार खरीदारी, जो त्योहारों और शादी के मौसम की शुरुआत के लिए स्टॉक कर रहे हैं। और दूसरा भारतीय रुपया डॉलर के मुकाबले 12 पैसे गिरकर ₹88.80 प्रति डॉलर के अपने सर्वकालिक निम्नतम स्तर पर पहुंच गया, जिससे आयातित सोने की लागत बढ़ गई।

अंतरराष्ट्रीय बाजार की स्थिति

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने में तेजी जारी रही, हालांकि यह अपने रिकॉर्ड उच्चतम स्तर से थोड़ा पीछे रहा। स्पॉट गोल्ड 0.72 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 4,140.34 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था, जबकि इसने दिन के शुरुआती कारोबार में 4,179.71 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस का रिकॉर्ड उच्चतम स्तर छुआ था। स्पॉट सिल्वर 1.92 प्रतिशत की गिरावट के साथ 51.36 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा