1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. एचडीएफसी बैंक और रिलायंस ने अपने निवेशकों को दिया नए साल का तोहफा, SBI और LIC ने किया निराश

एचडीएफसी बैंक और रिलायंस ने अपने निवेशकों को दिया नए साल का तोहफा, SBI और LIC ने किया निराश

 Edited By: Alok Kumar
 Published : Dec 29, 2024 11:33 am IST,  Updated : Dec 29, 2024 11:33 am IST

शीर्ष 10 कंपनियों की सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर कायम रही। उसके बाद क्रमश: टीसीएस, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, भारती एयरटेल, इन्फोसिस, भारतीय स्टेट बैंक, आईटीसी, एलआईसी और हिंदुस्तान यूनिलीवर का स्थान रहा।

Sensex - India TV Hindi
सेंसेक्स Image Source : FILE

नए साल की आहट सुनाई देने लगी है। शेयर बाजार निवेशकों के लिए यह साल मिला-जुला रहा है। कई स्टॉक ने निवेशकों को अच्छी कमाई कराई है तो बहुत सारे ने नुकसान भी कराया है। साल के अंत में कुछ स्टॉक ने निवेशकों को जाते-जाते नए साल का तोहफा ​दे दिया है। उनमें एचडीएफसी बैंक और रिलायंस जैसे नाम शामिल हैं। दरअसल, पिछले हफ्ते सेंसेक्स की शीर्ष 10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से छह के बाजार मूल्यांकन (मार्केट कैप) में पिछले सप्ताह 86,847.88 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई। इस दौरान सबसे अधिक लाभ एचडीएफसी बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज को हुआ। इसके चलते इन कंपनियों के स्टॉक में निवेश करने वाले निवेशकों की अच्छी कमाई हुई। 

6 कंपनियों के मार्केट कैप में उछाल 

समीक्षाधीन सप्ताह में जहां रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, भारती एयरटेल, आईटीसी और हिंदुस्तान यूनिलीवर के बाजार मूल्यांकन में बढ़ोतरी हुई। सप्ताह के दौरान एचडीएफसी बैंक का बाजार पूंजीकरण 20,235.95 करोड़ रुपये बढ़कर 13,74,945.30 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। रिलायंस इंडस्ट्रीज के मूल्यांकन में 20,230.9 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई और यह 16,52,235.07 करोड़ रुपये रहा। आईटीसी का मूल्यांकन 17,933.49 करोड़ रुपये बढ़कर 5,99,185.81 करोड़ रुपये पर और आईसीआईसीआई बैंक का 15,254.01 करोड़ रुपये बढ़कर 9,22,703.05 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। भारती एयरटेल की बाजार हैसियत 11,948.24 करोड़ रुपये बढ़कर 9,10,735.22 करोड़ रुपये हो गई। हिंदुस्तान यूनिलीवर का बाजार पूंजीकरण 1,245.29 करोड़ रुपये के उछाल के साथ 5,49,863.10 करोड़ रुपये रहा। 

इन कंपनियों ने दिया झटका 

वहीं टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), इन्फोसिस, भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) और भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) की बाजार हैसियत घट गई। एसबीआई का मूल्यांकन 11,557.39 करोड़ रुपये घटकर 7,13,567.99 करोड़ रुपये रह गया। एलआईसी की बाजार हैसियत में 8,412.24 करोड़ रुपये की गिरावट आई और यह 5,61,406.80 करोड़ रुपये पर आ गया। इन्फोसिस का मूल्यांकन 2,283.75 करोड़ रुपये घटकर 7,95,803.15 करोड़ रुपये पर आ गया। टीसीएस की बाजार हैसियत 36.18 करोड़ रुपये घटकर 15,08,000.79 करोड़ रुपये रह गई। 

शीर्ष पर रिलायंस कायम 

शीर्ष 10 कंपनियों की सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर कायम रही। उसके बाद क्रमश: टीसीएस, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, भारती एयरटेल, इन्फोसिस, भारतीय स्टेट बैंक, आईटीसी, एलआईसी और हिंदुस्तान यूनिलीवर का स्थान रहा। बीते सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 657.48 अंक या 0.84 प्रतिशत चढ़ गया। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी में 225.9 अंक या 0.95 प्रतिशत का लाभ रहा। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा