1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. शेयर बाजार में फिर लौटी रौनक! भारी गिरावट के अगले ही दिन सेंसेक्स-निफ्टी ने लगाई जोरदार छलांग, जानिए किन शेयरों ने संभाली कमान

शेयर बाजार में फिर लौटी रौनक! भारी गिरावट के अगले ही दिन सेंसेक्स-निफ्टी ने लगाई जोरदार छलांग, जानिए किन शेयरों ने संभाली कमान

 Edited By: Shivendra Singh
 Published : Jul 09, 2026 09:40 am IST,  Updated : Jul 09, 2026 09:40 am IST

पिछले कारोबारी सत्र में डोनाल्ड ट्रंप के बयान और मिडिल ईस्ट के तनाव के कारण आई भारी तबाही के बाद, आज भारतीय शेयर बाजार में शानदार रिकवरी देखने को मिली है। वैश्विक दबाव को पीछे छोड़ते हुए दलाल स्ट्रीट पर गुरुवार सुबह एक बार फिर रौनक लौट आई।

शेयर बाजार में तेजी- India TV Hindi
शेयर बाजार में तेजी Image Source : CANVA

बुधवार को आई भारी गिरावट से निवेशकों में निराशा का माहौल था, लेकिन गुरुवार सुबह शेयर बाजार ने शानदार वापसी करते हुए राहत की खबर दी। कारोबार की शुरुआत हरे निशान के साथ हुई और बीएसई सेंसेक्स व एनएसई निफ्टी दोनों में अच्छी बढ़त देखने को मिली। शुरुआती कारोबार में खरीदारी का माहौल बना रहा, जिससे निवेशकों का भरोसा एक बार फिर मजबूत होता नजर आया।

बाजार खुलते ही सेंसेक्स 430.18 अंक (0.56%) की बढ़त के साथ 76,933.78 पर कारोबार करता दिखा। वहीं निफ्टी 131.60 अंक (0.55%) चढ़कर 24,013.65 के स्तर पर पहुंच गया। बैंकिंग शेयरों में भी अच्छी खरीदारी देखने को मिली। बैंक निफ्टी 475.80 अंक (0.84%) की तेजी के साथ 57,218.40 पर पहुंच गया, जबकि मिडकैप निफ्टी 150.65 अंक (1.04%) उछलकर 14,569.75 पर कारोबार करता नजर आया।

इन शेयरों ने बाजार को दी मजबूती

आज की तेजी में कई दिग्गज शेयरों ने अहम भूमिका निभाई। Eternal करीब 3.11% की बढ़त के साथ सबसे बड़े गेनर्स में शामिल रहा। इसके अलावा सन फार्मा, टाइटन, भारती एयरटेल, ICICI बैंक, एशियन पेंट्स, ट्रेंट, लार्सन एंड टुब्रो, HDFC बैंक, अडानी पोर्ट्स, रिलायंस इंडस्ट्रीज, कोटक महिंद्रा बैंक, SBI, अल्ट्राटेक सीमेंट, ITC और मारुति सुजुकी जैसे शेयरों में भी अच्छी खरीदारी देखने को मिली। इन शेयरों की मजबूती ने बाजार का माहौल पॉजिटिव बनाए रखा।

आईटी सेक्टर पर रहा दबाव

बाजार में चौतरफा हरियाली के बीच आज आईटी (IT) सेक्टर के शेयरों पर मुनाफावसूली का दबाव साफ नजर आया। सबसे ज्यादा गिरावट इंफोसिस के शेयर में रही, जो 2.26 प्रतिशत टूटकर ₹1045.20 पर आ गया। इसके अलावा टीसीएस 1.62%, टेक महिंद्रा 1.50% और एचसीएल टेक 1.49% की गिरावट के साथ लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। बजाज फाइनेंस और एनटीपीसी में भी मामूली कमजोरी देखी गई। हालांकि, अन्य सेक्टर्स में आई तेजी ने आईटी की इस गिरावट को आसानी से संभाल लिया।

निवेशकों को मिली राहत

पिछले कारोबारी सत्र की तेज गिरावट के बाद आज बाजार में आई रिकवरी से निवेशकों का मनोबल बढ़ा है। हालांकि आने वाले दिनों में वैश्विक बाजारों की चाल, कच्चे तेल की कीमतें, विदेशी निवेशकों की गतिविधियां और कंपनियों के तिमाही नतीजे बाजार की दिशा तय करेंगे।

यह भी पढ़ें- ट्रंप के बयान से शेयर बाजार में मचा हाहाकार! सेंसेक्स 1600 तो निफ्टी 500 अंक टूटा, निवेशकों के करीब ₹8 लाख करोड़ डूबे

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा