1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Infosys Q4 Results: इन्फोसिस की जोरदार छलांग, चौथी तिमाही में 21% हुआ नेट प्रॉफिट, जानें रेवेन्यू

Infosys Q4 Results: इन्फोसिस की जोरदार छलांग, चौथी तिमाही में 21% हुआ नेट प्रॉफिट, जानें रेवेन्यू

 Edited By: Sourabha Suman
 Published : Apr 23, 2026 08:53 pm IST,  Updated : Apr 23, 2026 09:00 pm IST

बीएसई पर Infosys का शेयर आज 2.04% गिरकर 1,242 रुपये पर बंद हुआ। कंपनी ने वित्तीय नतीजों की घोषणा बाजार बंद होने के बाद की।

कंपनी ने FY26 में 20,000 से अधिक फ्रेशर्स को शामिल किया।- India TV Hindi
कंपनी ने FY26 में 20,000 से अधिक फ्रेशर्स को शामिल किया। Image Source : PTI

आईटी क्षेत्र की दिग्गज कंपनी इन्फोसिस ने गुरुवार को अपने मार्च तिमाही (Q4 FY26) के नतीजे जारी किए, जिसमें कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट 20.8% बढ़कर 8,501 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी ने वित्त वर्ष 2027 (FY27) के लिए 1.5% से 3.5% तक रेवेन्यू ग्रोथ का अनुमान जताया है और इसका भरोसा फाइनेंशियल सर्विसेज, यूटिलिटीज और AI सेवाओं में बढ़ती मांग पर टिका है। पीटीआई की खबर के मुताबिक, कंपनी की ऑपरेशंस से आय Q4 FY26 में 13.4% बढ़कर 46,402 करोड़ रुपये रही, जो पिछले साल इसी अवधि में 40,925 करोड़ रुपये थी। पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में Infosys का नेट प्रॉफिट 10.2% बढ़कर 29,440 करोड़ रुपये हो गया, जो 2024-25 में 26,713 करोड़ रुपये था। वहीं, सालाना रेवेन्यू 9.6% बढ़कर 1,78,650 करोड़ रुपये रहा।

अब स्थिति स्थिर होती दिख रही

कंपनी के सीईओ और एमडी सलिल पारेख ने कहा कि साल की शुरुआत मजबूत रही, लेकिन पश्चिम एशिया में तनाव के कारण आर्थिक माहौल में बदलाव देखने को मिला, हालांकि अब स्थिति स्थिर होती दिख रही है। उन्होंने बताया कि फाइनेंशियल सर्विसेज, कम्युनिकेशन और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में अच्छी ग्रोथ रही, साथ ही यूरोप में भी प्रदर्शन मजबूत रहा। पारेख के अनुसार, FY27 में AI सेवाओं में बड़े अवसर दिखाई दे रहे हैं और फाइनेंशियल सर्विसेज व एनर्जी-यूटिलिटी सेक्टर में ग्रोथ तेज होने की उम्मीद है।

कुल कर्मचारियों की संख्या 3,28,594 रही

हालांकि, इन्फोसिस के ADR अमेरिकी प्री-मार्केट में करीब 5% नीचे ट्रेड करते दिखे। वहीं, अन्य आईटी कंपनियों ने भी वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता, जियोपॉलिटिकल जोखिम और AI से जुड़े बदलावों को लेकर चिंता जताई है। कंपनी के कुल कर्मचारियों की संख्या Q4 FY26 के अंत में 3,28,594 रही, जो पिछली तिमाही (Q3 FY26) के 3,37,034 से 8,440 कम है, लेकिन पिछले साल की समान तिमाही (Q4 FY25) से 5,016 अधिक है।

FY27 में 20,000 फ्रेशर्स होंगे भर्ती

इन्फोसिस के सीएफओ जयेश संघराजका ने बताया कि यह उतार-चढ़ाव बाजार में मांग और सप्लाई के संतुलन और कमजोर वॉल्यूम के कारण हुआ है। उन्होंने कहा कि कंपनी ने FY26 में 20,000 से अधिक फ्रेशर्स को शामिल किया और FY27 में भी कम से कम 20,000 फ्रेशर्स को भर्ती करने का लक्ष्य है। कंपनी ने Q4 में 3.2 अरब डॉलर के बड़े डील्स हासिल किए, जबकि पूरे FY26 में कुल डील वैल्यू 14.9 अरब डॉलर रही, जिसमें 55% नए कॉन्ट्रैक्ट्स शामिल हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा