1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Sensex में शामिल LIC ने निवेशकों को कराया सबसे अधिक नुकसान, रिलायंस से भी नहीं मिला सहारा

Sensex में शामिल LIC ने निवेशकों को कराया सबसे अधिक नुकसान, रिलायंस से भी नहीं मिला सहारा

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Jun 12, 2022 04:42 pm IST,  Updated : Jun 12, 2022 04:42 pm IST

सूचना प्रौद्योगिकी कंपनियों- टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) और इन्फोसिस के बाजार मूल्यांकन में सामूहिक रूप से 45,746.13 करोड़ रुपये की गिरावट आई।

LIC- India TV Hindi
LIC Image Source : FILE

Highlights

  • शीर्ष 10 कंपनियों के मार्केट कैप में 2.29 लाख करोड़ रुपये की गिरावट आई
  • बीते सप्ताह बीएसई का सेंसेक्स 1,465.79 अंक यानी 2.63 प्रतिशत नीचे आया
  • रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार पूंजीकरण घटकर 18,36,039.28 करोड़ रुपये रह गया

Sensex की शीर्ष 10 कंपनियों के बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) में बीते सप्ताह सामूहिक रूप से 2.29 लाख करोड़ रुपये की गिरावट आई। सबसे अधिक नुकसान में भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) रही। बीते सप्ताह स्थानीय शेयर बाजारों में जबर्दस्त बिकवाली का दौर चला। बीते सप्ताह बीएसई का सेंसेक्स 1,465.79 अंक यानी 2.63 प्रतिशत नीचे आया। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी में 382.50 अंक यानी 2.31 प्रतिशत का नुकसान देखा गया। समीक्षाधीन सप्ताह में रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार पूंजीकरण 44,311.19 करोड़ रुपये घटकर 18,36,039.28 करोड़ रुपये रह गया।

टीसीएस और इंफोसिस में भी गिरावट 

सूचना प्रौद्योगिकी कंपनियों- टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) और इन्फोसिस के बाजार मूल्यांकन में सामूहिक रूप से 45,746.13 करोड़ रुपये की गिरावट आई। टीसीएस का बाजार पूंजीकरण घटकर 12,31,398.85 करोड़ रुपये रह गया। वहीं इन्फोसिस का मूल्यांकन 6,21,502.63 करोड़ रुपये पर आ गया। देश के शीर्ष बैंकों एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) का बाजार मूल्यांकन बीते सप्ताह सामूहिक रूप से 34,970.26 करोड़ रुपये घट गया। एचडीएफसी बैंक की बाजार हैसियत 16,433.92 करोड़ रुपये घटकर 7,49,880.79 करोड़ रुपये रह गई। एसबीआई की बाजार हैसियत 2,231.15 करोड़ रुपये के नुकसान के साथ 4,12,138.56 करोड़ रुपये पर आ गई। वहीं आईसीआईसीआई बैंक का बाजार मूल्यांकन 16,305.19 करोड़ रुपये घटकर 5,00,744.27 करोड़ रुपये रह गया।

एलआईसी की पूंजी घटकर 4.48 लाख करोड़ रह गई

इस दौरान हिंदुस्तान यूनिलीवर का बाजार पूंजीकरण 21,674.98 करोड़ रुपये टूटकर 5,16,886.58 करोड़ रुपये पर आ गया। एलआईसी की बाजार हैसियत 57,272.85 करोड़ रुपये घटकर 4,48,885.09 करोड़ रुपये रह गई। एचडीएफसी के मूल्यांकन में 17,879.22 करोड़ रुपये की गिरावट आई और यह 3,95,420.14 करोड़ रुपये पर आ गया। दूरसंचार कंपनी भारती एयरटेल की बाजार हैसियत 7,359.31 करोड़ रुपये घटकर 3,69,613.44 करोड़ रुपये रह गई। शीर्ष 10 कंपनियों की सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर कायम रही। उसके बाद क्रमश: टीसीएस, एचडीएफसी बैंक, इन्फोसिस, हिंदुस्तान यूनिलीवर, आईसीआईसीआई बैंक , एलआईसी, एसबीआई, एचडीएफसी और भारती एयरटेल का स्थान रहा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा