1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. सेंसेक्स की टॉप 10 में से 7 कंपनियों का मार्केट कैप ₹1.75 लाख करोड़ गिरा, रिलायंस को सबसे ज्यादा नुकसान

सेंसेक्स की टॉप 10 में से 7 कंपनियों का मार्केट कैप ₹1.75 लाख करोड़ गिरा, रिलायंस को सबसे ज्यादा नुकसान

 Edited By: Sunil Chaurasia
 Published : Mar 29, 2026 02:03 pm IST,  Updated : Mar 29, 2026 02:03 pm IST

पिछले हफ्ते रिलायंस इंडस्ट्रीज को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ। रिलायंस इंडस्ट्रीज का मार्केट कैप 89,720.3 करोड़ रुपये घटकर 18,24,515.62 करोड़ रुपये पर आ गया।

share market, stock market, market cap, market capitalisation, sensex, nifty, nifty 50, sbi, hdfc ba- India TV Hindi
रिलायंस इंडस्ट्रीज को सबसे ज्यादा नुकसान Image Source : FREEPIK

घरेलू शेयर बाजार में जारी गिरावट की वजह से तमाम कंपनियों के मार्केट कैप में भी भारी गिरावट का सिलसिला लगातार जारी है। पिछले हफ्ते, सेंसेक्स की टॉप 10 में से 7 कंपनियों के मार्केट कैप में कुल 1.75 लाख करोड़ रुपये का नुकसान दर्ज किया गया। जबकि, बाकी की 3 कंपनियों के मार्केट कैप में 32,977.34 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी देखी गई। बताते चलें कि पिछले हफ्ते राम नवमी के मौके पर बाजार बंद रहे थे और सिर्फ 4 दिन ही कारोबार हुआ था। 4 दिनों के कारोबार में सेंसेक्स 949.74 अंक (1.27 प्रतिशत) और निफ्टी 294.9 अंक (1.27 प्रतिशत) के नुकसान के साथ बंद हुआ था।

रिलायंस इंडस्ट्रीज को सबसे ज्यादा नुकसान

पिछले हफ्ते रिलायंस इंडस्ट्रीज को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ। रिलायंस इंडस्ट्रीज का मार्केट कैप 89,720.3 करोड़ रुपये घटकर 18,24,515.62 करोड़ रुपये पर आ गया। एचडीएफसी बैंक की मार्केट वैल्यू 37,248.59 करोड़ रुपये घटकर 11,64,018.69 करोड़ रुपये रह गई। भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के मार्केट कैप में 35,399.42 करोड़ रुपये की गिरावट आई और ये 9,41,569.15 करोड़ रुपये पर आ गया। आईसीआईसीआई बैंक की वैल्यूएशन 8,121.76 करोड़ रुपये घटकर 8,83,551.30 करोड़ रुपये रह गई और भारती एयरटेल की वैल्यूएशन 2,480.42 करोड़ रुपये घटकर 10,50,413.33 करोड़ रुपये पर आ गई। हिंदुस्तान यूनिलीवर का मार्केट कैप 2,091.13 करोड़ रुपये घटकर 4,87,540.19 करोड़ रुपये और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) की वैल्यूएशन 271.35 करोड़ रुपये घटकर 8,64,668.65 करोड़ रुपये पर आ गई। 

लार्सन एंड टुब्रो, बजाज फाइनेंस और इन्फोसिस के मार्केट कैप में बढ़ोतरी

वहीं दूसरी ओर, लार्सन एंड टुब्रो का मार्केट कैप 18,051.68 करोड़ रुपये बढ़कर 4,90,536.19 करोड़ रुपये हो गया। बजाज फाइनेंस की मार्केट वैल्यू 8,680.36 करोड़ रुपये बढ़कर 5,25,395.48 करोड़ रुपये पर पहुंच गई। इन्फोसिस का मार्केट कैप 6,245.3 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी के साथ 5,15,034.67 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। सेंसेक्स की टॉप 10 कंपनियों की लिस्ट में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर कायम रही। उसके बाद क्रमश: एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, एसबीआई, आईसीआईसीआई बैंक, टीसीएस, बजाज फाइनेंस, इन्फोसिस, लार्सन एंड टुब्रो और हिंदुस्तान यूनिलीवर का स्थान रहा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा