1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. शेयर बाजार तेजी के साथ खुला, सेंसेक्स 200 अंकों से ज्यादा उछला, निफ्टी भी चढ़ा, जानें कौन से शेयर चमके

शेयर बाजार तेजी के साथ खुला, सेंसेक्स 200 अंकों से ज्यादा उछला, निफ्टी भी चढ़ा, जानें कौन से शेयर चमके

 Published : Jul 23, 2025 09:36 am IST,  Updated : Jul 23, 2025 10:21 am IST

कारोबार के शुरुआती सत्र में रियल्टी को छोड़कर बाकी सभी सेक्टोरल इंडेक्स बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं। बीएसई मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स मामूली गिरावट के साथ कारोबार कर रहे हैं।

निफ्टी पर भारती एयरटेल, टाटा मोटर्स, मारुति सुजुकी, श्रीराम फाइनेंस, जियो फाइनेंशियल के शेयर सबसे ज्- India TV Hindi
निफ्टी पर भारती एयरटेल, टाटा मोटर्स, मारुति सुजुकी, श्रीराम फाइनेंस, जियो फाइनेंशियल के शेयर सबसे ज्यादा चढ़े। Image Source : PTI

वैश्विक संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजार ने बुधवार को मजबूत शुरुआत की। बीएसई सेंसेक्स सुबह 9 बजकर 18 मिनट पर 213.81 अंक की तेजी के साथ 82,400.62 पर कारोबार कर रहा था। इसी तरह, एनएसई का निफ्टी भी 64.65 अंकों की बढ़त के साथ 25,125.55 के लेवल पर था। आज की शुरुआती कारोबार में निफ्टी पर भारती एयरटेल, टाटा मोटर्स, मारुति सुजुकी, श्रीराम फाइनेंस, जियो फाइनेंशियल के शेयर सबसे ज्यादा चढ़े, जबकि ओएनजीसी, हीरो मोटोकॉर्प, टाटा स्टील, टाटा कंज्यूमर और सिप्ला के शेयर सबसे ज्यादा गिरे। लगभग 160 शेयरों में तेजी आई, 71 शेयरों में गिरावट आई तथा 22 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ।

क्या कहते हैं एक्सपर्ट

जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के मुख्य निवेश रणनीतिकार वी के विजयकुमार ने कहा कि कल एसएंडपी 500 द्वारा 2025 के लिए स्थापित 11वां नया रिकॉर्ड वैश्विक इक्विटी बाजारों की दिशा और लचीलेपन का संकेत है। बाजार चिंताओं की सभी दीवारें लांघ रहे हैं और मूल्यांकन संबंधी चिंताओं को पीछे धकेल दिया गया है। निकट भविष्य में यह लचीलापन जारी रहने की संभावना है।

एक्सिस सिक्योरिटीज के शोध प्रमुख अक्षय चिंचलकर ने कहा कि जापान द्वारा अमेरिका के साथ व्यापार समझौता होने के कारण एशियाई संकेत सकारात्मक हैं।

एशियाई शेयर बाजारों में जबरदस्त तेजी

एशियाई शेयर बाजारों में बुधवार को जबरदस्त तेजी देखने को मिली। जापान और अमेरिका के बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा घोषित टैरिफ डील के बाद टोक्यो का प्रमुख निक्केई 225 इंडेक्स 3% से अधिक उछल गया। इस नए समझौते के तहत जापान से आयातित अधिकांश उत्पादों पर अब 15% शुल्क लगाया जाएगा, जबकि पहले ट्रंप ने 1 अगस्त से 25% टैरिफ लागू करने की चेतावनी दी थी। हालांकि, स्टील और एल्यूमीनियम जैसे कुछ उत्पादों पर पहले की तरह ऊंचे शुल्क बने रहेंगे।

आज हांगकांग का हैंग सेंग इंडेक्स 1.1% की तेजी के साथ 25,397.81 पर पहुंचा, चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.8% बढ़कर 3,608.58 पर बंद हुआ, ऑस्ट्रेलिया का S&P/ASX 200 इंडेक्स 0.6% की बढ़त के साथ 8,731.90 पर, दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 0.1% की हल्की तेजी के साथ 3,172.10 पर पहुंच गया। विशेषज्ञों का मानना है कि अमेरिका-जापान के बीच हुआ यह टैरिफ समझौता वैश्विक निवेशकों में विश्वास बहाल कर रहा है और आने वाले समय में बाजारों में स्थिरता लाने में मदद कर सकता है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा