हफ्ते के पहले कारोबारी दिन भारतीय शेयर बाजार में शानदार तेजी देखने को मिली। सोमवार को सेंसेक्स ने 564 अंकों की छलांग लगाई, जबकि निफ्टी भी 23,400 के स्तर को पार कर बंद हुआ। फार्मा और रियल्टी शेयरों में जोरदार खरीदारी ने बाजार को सहारा दिया। हालांकि, बाजार की चौड़ाई कमजोर रही और कई शेयरों में गिरावट देखने को मिली।
क्लोजिंग ऑक्शन सेशन के बाद सेंसेक्स 564 अंक या 0.76% की तेजी के साथ 74,859 पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी 68 अंक यानी 0.29% चढ़कर 23,414 के स्तर पर पहुंच गया। हालांकि, पूरे बाजार में तेजी एक जैसी नहीं रही। कुल 1,995 शेयर बढ़त में रहे, जबकि 2,111 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए।
फार्मा और रियल्टी शेयरों में जोरदार खरीदारी
सेक्टोरल इंडेक्स में मिला-जुला लेकिन काफी हद तक खरीदारी का रुख देखने को मिला। निफ्टी फार्मा 1.27% की मजबूती के साथ बंद हुआ और सेक्टोरल गेनर्स में टॉप पर रहा। निफ्टी रियल्टी (1.22%) और निफ्टी FMGC (1.19%) में भी अच्छी बढ़त देखने को मिली। इसके अलावा, निफ्टी बैंक (+0.24%), निफ्टी पीएसई (+0.13%), निफ्टी एनर्जी (+0.09%), निफ्टी आईटी (+0.03%) और निफ्टी सर्विसेज (+0.05%) भी हरे निशान में रहे। वहीं, दूसरी तरफ, मेटल्स सेक्टर (0.62%) निफ्टी इंफ्रा (-0.14%), निफ्टी एमएनसी (-0.30%) और निफ्टी पीएसयू बैंक (-0.05%) में गिरावट दर्ज की गई।
टॉप गेनर्स और लूजर्स स्टॉक्स
-
बढ़त वाले शेयर: इटनल 2.77% की तेजी के साथ सबसे टॉप पर रहा। एचसीएल टेक (2.54%), आईटीसी (1.79%), सन फार्मा (1.72%), रिलायंस (1.71%), मैक्स हेल्थकेयर (1.65%) और टाइटन (1.59%) में तगड़ी लिवाली दिखी। इसके साथ ही एचडीएफसी लाइफ, एसबीआई लाइफ, टेक महिंद्रा, बीईएल और ओएनजीसी के शेयर भी बढ़त के साथ बंद हुए।
-
गिरावट वाले शेयर: भारती एयरटेल (-3.33%) और अदाणी पोर्ट्स (-2.02%) में सबसे ज्यादा बिकवाली देखी गई। इसके अलावा बजाज फाइनेंस (-1.83%), पावरग्रिड (-1.55%), अदाणी एंटरप्राइजेज (-1.49%), विप्रो (-1.37%) और इंफोसिस (-1.23%) भी लाल निशान में फिसल गए।
मिडकैप-स्मॉलकैप में गिरावट
बड़े शेयरों में तेजी के बावजूद मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स दबाव में रहे। मिडकैप 0.29% और स्मॉलकैप 0.15% नीचे बंद हुए। वहीं, इंडिया VIX में 1.14% की गिरावट आई। इसका मतलब है कि बाजार में उतार-चढ़ाव का स्तर पिछले कारोबारी सत्र के मुकाबले थोड़ा कम रहा।
यह भी पढ़ें- इस हफ्ते आएगी IPO की बहार, एलिवेट कैंपसेस और वर्मोरा ग्रैनिटो समेत 6 कंपनियां जुटाएंगी 3825 करोड़ रुपये