1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Share Market लगातार पांचवें दिन तेजी के साथ बंद, एयरटेल, कोटक महिंद्रा बैंक और SBI के शेयर में तेजी

Share Market लगातार पांचवें दिन तेजी के साथ बंद, एयरटेल, कोटक महिंद्रा बैंक और SBI के शेयर में तेजी

 Edited By: Alok Kumar
 Published : Aug 18, 2022 05:17 pm IST,  Updated : Aug 18, 2022 05:30 pm IST

Share Market: नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 12.25 अंक यानी 0.07 प्रतिशत की बढ़त के साथ 17,956.50 अंक पर बंद हुआ।

Share Market- India TV Hindi
Share Market Image Source : FILE

Share Market लगातार पांचवें दिन गुरुवार को तेजी के साथ बंद हुए। बीएसई सेंसेक्स 37.87 अंक के लाभ में रहा। दुनिया के ज्यादातर बाजारों में नकारात्मक रुख के बीच सूचकांक में मजबूत हिस्सेदारी रखने वाले कोटक बैंक, एल एंड टी और भारती एयरटेल के शेयरों में लिवाली से बाजार को समर्थन मिला। उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स शुरूआती कारोबार में कमजोर खुला लेकिन अंत में 37.87 अंक यानी 0.06 प्रतिशत की बढ़त के साथ 60,298 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान ऊंचे में यह 60,341.41 अंक तक गया और नीचे में 59,946.44 अंक तक आया। सेंसेक्स में लगातार पांचवें कारोबारी सत्र में तेजी रही। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 12.25 अंक यानी 0.07 प्रतिशत की बढ़त के साथ 17,956.50 अंक पर बंद हुआ।

इन शेयरों में रही तेजी 

सेंसेक्स के शेयरों में से कोटक महिंद्रा बैंक, लार्सन एंड टुब्रो, भारती एयरटेल, अल्ट्राटेक सीमेंट, पावरग्रिड, इंडसइंड बैंक, भारतीय स्टेट बैंक और आईटीसी प्रमुख रूप से लाभ में रहे। दूसरी तरफ नुकसान में रहने वाले शेयरों में डॉ.रेड्डीज लैबोरेटरीज, विप्रो, इन्फोसिस, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एक्सिस बैंक और नेस्ले शामिल हैं। एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में रहे। यूरोप के प्रमुख बाजारों में शुरुआती कारोबार में मिला-जुला रुख रहा। अमेरिका में वॉल स्ट्रीट बुधवार को नुकसान में रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक घरेलू पूंजी बाजार में शुद्ध लिवाल रहे। उन्होंने बुधवार को 2,347.22 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे। जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख वी के विजय कुमार ने कहा, ‘‘फेडरल रिजर्व (अमेरिकी केंद्रीय बैंक) की बैठक के ब्योरे से पता चलता है कि वह नीतिगत मोर्चे पर आक्रमक रुख बरकरार रखेगा और इससे अमेरिकी बाजार पर कुछ असर पड़ सकता है। लेकिन विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की लिवाली को देखते हुए इसका भारत में तेजी के रुख पर असर पड़ने की आशंका नहीं है।’’

रूपया 19 पैसे टूटकर 79.64 प्रति डॉलर पर

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया बृहस्पतिवार को 19 पैसे की गिरावट के साथ 79.64 (अस्थायी) के भाव पर बंद हुआ। विदेशी बाजारों में डॉलर की मजबूती से रुपये में गिरावट आई। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 79.60 के स्तर पर खुला। कारोबार के दौरान रुपया 79.60 से 79.71 के दायरे में घटबढ़ के बाद अंत में अपने पिछले बंद भाव के मुकाबले 19 पैसे की गिरावट दर्शाता 79.64 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। इससे पिछले कारोबारी सत्र में बुधवार को रुपया 29 पैसे की तेजी के साथ 79.45 प्रति डॉलर के भाव पर बंद हुआ था। बाजार सूत्रों ने कहा कि फेडरल ओपन मार्केट कमेटी (एफओएमसी) की बैठक का ब्योरा सामने आने के बाद अमेरिकी डॉलर सूचकांक में तेजी देखी गई। इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के समक्ष डॉलर की मजबूती को आंकने वाला डॉलर सूचकांक 0.10 प्रतिशत बढ़कर 106.68 हो गया। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.58 प्रतिशत बढ़कर 95.13 डॉलर प्रति बैरल हो गया। इसके अलावा बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 37.87 अंक की तेजी के साथ 60,298 अंक पर बंद हुआ। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध लिवाल रहे। उन्होंने बुधवार को शुद्ध रूप से 2,347.22 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा