1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. शानदार बढ़त के बाद शेयर बाजार में आई गिरावट, लाल निशान में बंद हुए सेंसेक्स और निफ्टी

शानदार बढ़त के बाद शेयर बाजार में आई गिरावट, लाल निशान में बंद हुए सेंसेक्स और निफ्टी

 Written By: Sunil Chaurasia
 Published : Oct 09, 2024 03:38 pm IST,  Updated : Oct 09, 2024 03:46 pm IST

बुधवार को भारतीय बाजार में जबरदस्त उतार-चढ़ाव देखने को मिला। आज सेंसेक्स एक समय 684.40 अंक और निफ्टी 220.90 अंकों की बढ़त लेकर कारोबार कर रहे थे।

बुधवार को एक बार फिर लाल निशान में बंद हुआ बाजार- India TV Hindi
बुधवार को एक बार फिर लाल निशान में बंद हुआ बाजार Image Source : FREEPIK

Share Market Closing 9th October, 2024: भारतीय शेयर बाजार में लगातार 6 दिनों तक चली गिरावट मंगलवार को थम गई थी। लेकिन आज एक बार फिर शेयर मार्केट में गिरावट दर्ज की गई। बुधवार को भारतीय बाजार में जबरदस्त उतार-चढ़ाव देखने को मिला। आज सेंसेक्स एक समय 684.40 अंक और निफ्टी 220.90 अंकों की बढ़त लेकर कारोबार कर रहे थे। लेकिन जब बाजार में गिरावट आनी शुरू हुई तो दोनों प्रमुख एक्सचेंजों की बढ़त धरी की धरी रह गई और अंत में दोनों गिरावट का शिकार होकर लाल निशान में बंद हुए।

आज बीएसई सेंसेक्स 167.71 अंकों की गिरावट के साथ 81,467.10 अंकों पर बंद हुआ तो वहीं दूसरी ओर निफ्टी 50 भी 31.20 अंकों की गिरावट के साथ 24,981.95 अंकों पर बंद हुआ। बुधवार को सेंसेक्स की 30 में से 17 कंपनियों के शेयर हरे निशान में और 13 कंपनियों के शेयर लाल निशान में बंद हुए। जबकि निफ्टी 50 की 50 में से 31 कंपनियों के शेयर बढ़त के साथ और 19 कंपनियों के शेयर नुकसान में बंद हुए।

टाटा मोटर्स के शेयरों में बड़ी बढ़ोतरी

आज सेंसेक्स के लिए टाटा मोटर्स के शेयर सबसे ज्यादा 2.15 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुए। इसके अलावा टेक महिंद्रा 1.92 प्रतिशत, मारुति सुजुकी 1.80 प्रतिशत, भारतीय स्टेट बैंक 1.66 प्रतिशत, बजाज फाइनेंस 1.57 प्रतिशत, एक्सिस बैंक 1.50 प्रतिशत, भारती एयरटेल 1.44 प्रतिशत, बजाज फिनसर्व 1.35 प्रतिशत, एचसीएल टेक 1.31 प्रतिशत, पावरग्रिड 1.02 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुए। सनफार्मा, आईसीआईसीआई बैंक, इंफोसिस, टाइटन, टीसीएस, एशियन पेंट्स और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर भी हरे निशान में बंद हुए।

आईटीसी के शेयर में जबरदस्त गिरावट

वहीं दूसरी ओर आईटीसी के शेयर आज सबसे ज्यादा 3.08 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुए। नेस्ले इंडिया 2.21 प्रतिशत, रिलायंस 1.65 प्रतिशत, हिंदुस्तान यूनिलीवर 1.47 प्रतिशत, लार्सन एंड टुब्रो 1.13 प्रतिशत, इंडसइंड बैंक 0.97 प्रतिशत, एचडीएफसी बैंक 0.81 प्रतिशत, टाटा स्टील 0.81 प्रतिशत, अडाणी पोर्ट्स 0.47 प्रतिशत, महिंद्रा एंड महिंद्रा 0.39 प्रतिशत, एनटीपीसी 0.26 प्रतिशत, जेएसडब्लू स्टील 0.21 प्रतिशत और अल्ट्राटेक सीमेंट 0.13 प्रतिशत के नुकसान के साथ बंद हुए।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा