1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Share Market Closing: शेयर बाजार में आई बंपर तेजी, US-Iran डील की उम्मीद में सेंसेक्स 940 अंक उछला; निफ्टी 24,350 के करीब

Share Market Closing: शेयर बाजार में आई बंपर तेजी, US-Iran डील की उम्मीद में सेंसेक्स 940 अंक उछला; निफ्टी 24,350 के करीब

 Written By: Shivendra Singh
 Published : May 06, 2026 03:49 pm IST,  Updated : May 06, 2026 03:49 pm IST

बुधवार को शेयर बाजार में जोरदार तेजी देखने को मिली। वैश्विक स्तर पर अमेरिका और ईरान के बीच संभावित समझौते की खबरों ने निवेशकों का भरोसा बढ़ाया, जिससे दिन के अंत तक सेंसेक्स करीब 941 अंक चढ़कर 77,958 के स्तर पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 298 अंकों की बढ़त के साथ 24,330 के आसपास पहुंच गया।

बाजार में आई जबरदस्त...- India TV Hindi
बाजार में आई जबरदस्त तेजी! Image Source : ANI

भारतीय शेयर बाजार में बुधवार को जबरदस्त तेजी देखने को मिली। ग्लोबल संकेतों के दम पर बाजार ने जोरदार वापसी की और निवेशकों की झोली भर दी। अमेरिका और ईरान के बीच संभावित शांति समझौते की खबरों ने बाजार में सकारात्मक माहौल बनाया, जिससे सेंसेक्स करीब 1000 अंक उछल गया और निफ्टी 24,300 के पार पहुंच गया।

कारोबार के अंत में सेंसेक्स 940 अंकों की बढ़त के साथ 77,958 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी भी 298 अंकों की छलांग लगाकर 24,330 के करीब पहुंच गया। बाजार में चौतरफा खरीदारी देखने को मिली, जहां लगभग 2755 शेयरों में तेजी रही, जबकि 1287 शेयरों में गिरावट दर्ज हुई।

बैंकिंग शेयर बने स्टार

बाजार की तेजी में बैंकिंग शेयरों का बड़ा योगदान रहा। निजी बैंक और PSU बैंक इंडेक्स में 2-3% तक की तेजी देखने को मिली। सरकार द्वारा व्यवसायों के लिए क्रेडिट गारंटी स्कीम को मंजूरी मिलने से बैंकिंग सेक्टर को सपोर्ट मिला। ऑटो, मेटल, फार्मा और रियल्टी सेक्टर भी 1-2% तक चढ़े। हालांकि, FMCG और पावर सेक्टर में हल्की गिरावट देखने को मिली, जिससे बाजार की तेजी थोड़ी सीमित रही।

इन शेयरों ने दिखाई सबसे ज्यादा तेजी

निफ्टी में इंटरग्लोब एविएशन, ट्रेंट, टाटा मोटर्स, श्रीराम फाइनेंस और एशियन पेंट्स जैसे शेयरों ने शानदार प्रदर्शन किया। वहीं, ONGC, रिलायंस इंडस्ट्रीज, NTPC और L&T जैसे शेयरों में गिरावट देखी गई।

मिडकैप और स्मॉलकैप में भी तेजी

केवल बड़े शेयर ही नहीं, बल्कि मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी अच्छी खरीदारी देखने को मिली। दोनों इंडेक्स करीब 2% तक चढ़े, जो बाजार में मजबूत निवेशक भरोसे का संकेत है।

बाजार में तेजी के पीछे अन्य कारण

  1. US-Iran शांति की उम्मीद: अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध खत्म करने को लेकर बातचीत आगे बढ़ने की खबर से वैश्विक बाजारों में राहत का माहौल बना।
  2. कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट: ब्रेंट क्रूड की कीमतों में 7% तक की गिरावट आई, जिससे भारत जैसे आयातक देश के लिए राहत मिली और बाजार को सपोर्ट मिला।

आगे क्या रहेगा बाजार का रुख?

मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि अगर अमेरिका-ईरान के बीच समझौता होता है और कच्चे तेल की कीमतें कंट्रोल में रहती हैं, तो बाजार में यह तेजी आगे भी जारी रह सकती है। हालांकि, वैश्विक घटनाक्रम पर नजर बनाए रखना जरूरी होगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा