1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. शेयर बाजार आज फिर गिरावट के साथ खुला, सेंसेक्स 130 अंक नीचे, निफ्टी भी धड़ाम, ये स्टॉक टूटे

शेयर बाजार आज फिर गिरावट के साथ खुला, सेंसेक्स 130 अंक नीचे, निफ्टी भी धड़ाम, ये स्टॉक टूटे

 Edited By: Sourabha Suman
 Published : Jul 29, 2025 09:32 am IST,  Updated : Jul 29, 2025 10:03 am IST

बाजार खुलने के बाद लगभग 1061 शेयरों में तेजी आई, 1080 शेयरों में गिरावट आई और 146 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ। हाल के दिनों में बाजार लगातार कमजोर हुआ है।

भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, श्रीराम फाइनेंस, इंफोसिस, टाटा स्टील, आईसीआईसीआई बैंक नुकसान में रहे।- India TV Hindi
भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, श्रीराम फाइनेंस, इंफोसिस, टाटा स्टील, आईसीआईसीआई बैंक नुकसान में रहे। Image Source : PTI

ग्लोबल संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजार लगातार गिरता ही जा रहा है। मंगलवार को सुबह 9 बजकर 19 मिनट पर बीएसई सेंसेक्स 130.09 अंक की गिरावट के साथ 80760.93 के लेवल पर कारोबार कर रहा था। एनएसई का निफ्टी भी 19.55 अंक टूटकर 24,661 के आस-पास ट्रेड कर रहा था। शुरुआती दौर में निफ्टी पर ओएनजीसी, जेएसडब्ल्यू स्टील, मारुति सुजुकी, एचसीएल टेक, जियो फाइनेंशियल प्रमुख लाभ में देखे गए, जबकि भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, श्रीराम फाइनेंस, इंफोसिस, टाटा स्टील, आईसीआईसीआई बैंक नुकसान में रहे।

सेंसेक्स की कंपनियों में इटरनल, इंफोसिस, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, आईसीआईसीआई बैंक और एशियन पेंट्स सबसे ज़्यादा गिरावट में रहे। हालांकि, रिलायंस इंडस्ट्रीज, टाटा मोटर्स, एचसीएल टेक, भारती एयरटेल और ट्रेंट के शेयर लाभ में रहे।

क्या कहते हैं एक्सपर्ट

जियोजिट इन्वेस्टमेंट लिमिटेड के मुख्य निवेश रणनीतिकार वी. के. विजयकुमार ने बताया है कि फिलहाल बाजार के सामने सकारात्मक से कहीं ज्यादा नकारात्मक चुनौतियां हैं। उनका कहना है कि सबसे बड़ी चिंता इस बात को लेकर है कि भारत और अमेरिका के बीच संभावित ट्रेड समझौता अभी तक नहीं हो पाया है, और 1 अगस्त की निर्धारित समय सीमा से पहले इस डील के होने की संभावनाएं लगातार कम होती जा रही हैं। विजयकुमार ने यह भी कहा कि विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की निरंतर बिकवाली बाजार पर दबाव बनाए हुए है, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशक (डीआईआई) लगातार खरीदारी कर रहे हैं।

रुपया 18 पैसे हुआ कमजोर

मंगलवार को शुरुआती कारोबार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 18 पैसे कमजोर होकर 86.88 पर पहुंच गया। महीने के आखिर में डॉलर की बढ़ती मांग और लगातार हो रही विदेशी फंड्स की निकासी के कारण रुपये पर दबाव बना रहा। फॉरेक्स ट्रेडर्स के मुताबिक, आयातकों की ओर से डॉलर की निरंतर मांग के चलते अमेरिकी मुद्रा की मांग बनी हुई है, जिससे रुपया कमजोर हुआ है। घरेलू मुद्रा में नकारात्मक रुझान देखने को मिला। इंटरबैंक फॉरेन एक्सचेंज मार्केट में रुपया 86.76 पर खुला और शुरुआती कारोबार में यह 86.88 के निचले स्तर तक पहुंच गया, जो इसके पिछले बंद भाव से 18 पैसे की गिरावट को दर्शाता है।

एशियाई बाजारों का कैसा है रुख?

खबर के मुताबिक, एशियाई बाजारों में मंगलवार को, जापान का निक्केई 225 सूचकांक, शंघाई का एसएसई कम्पोजिट सूचकांक और हांगकांग का हैंग सेंग नीचे कारोबार कर रहे थे, जबकि दक्षिण कोरिया का कोस्पी सकारात्मक क्षेत्र में कारोबार कर रहा था। गिफ्ट NIFTY में बढ़त दिख रहा है। वहीं, ताइवान का बाजार 1.00 प्रतिशत गिरकर 23,177.92 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। हैंगसेंग 1.08 प्रतिशत टूटक 25,271.00 के आस-पास है। कोस्पी में 0.62 प्रतिशत की बढ़त के साथ कारोबार हो रहा है। शंघाई कम्पोजिट 0.04 प्रतिशत की बढ़त के साथ 3,597.23 के स्तर पर कारोबार कर रहा है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा