मुंबई स्थित रियल एस्टेट कंपनी श्री लोटस डेवलपर्स एंड रियल्टी लिमिटेड ने गुरुवार को अपने बहुप्रतीक्षित आईपीओ के लिए प्राइस बैंड ₹140 से ₹150 प्रति शेयर तय किया है। यह इश्यू 30 जुलाई, 2025 से सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा और 1 अगस्त को बंद होगा। fortuneindia की खबर के मुताबिक, कंपनी, को बॉलीवुड के मेगास्टार अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान, ऋतिक रोशन और चर्चित निवेशक आशीष कचोलिया का समर्थन प्राप्त है। कंपनी इस इश्यू के जरिए ₹792 करोड़ जुटाने की योजना बना रही है।
Related Stories
यह केवल फ्रेश इश्यू है
इस आईपीओ में एंकर इन्वेस्टर्स 29 जुलाई को बोली लगा सकेंगे। साथ ही आईपीओ के तहत शेयर अलॉटमेंट 4 अगस्त, 2025 को फाइनल किया जा सकता है। कंपनी के शेयर बीएसई और एनएसई पर 6 अगस्त, 2025 को लिस्टेड होंगे। इसका फेस वैल्यू ₹1 प्रति शेयर है। आपको बता दें, यह केवल फ्रेश इश्यू है। कोई ओपन फॉर सेल नहीं है। निवेशकों को कम से कम 100 शेयरों के लिए बोली लगानी होगी। कर्मचारियों के लिए 14 रुपये प्रति शेयर की छूट दी गई है।
निवेश का बंटवारा कंपनी ने कुछ यूं किया है
श्री लोटस डेवलपर्स एंड रियल्टी लिमिटेड ने इस आईपीओ में 50% शेयर क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (क्यूआईबी) के लिए रिजर्व किया है। 15% नॉन-इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (एनआईआई) और 35% रिटेल इन्वेस्टर्स के लिए रिजर्व किए हैं। आईपीओ से जुटाई गई राशि का उपयोग कंपनी ₹792 करोड़ में से लगभग ₹550 करोड़ का निवेश अपनी तीन सहायक कंपनियों -रिचफील रियल एस्टेट प्राइवेट लिमिटेड, ध्यान प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड और त्रिक्षा रियल एस्टेट प्राइवेट लिमिटेड में करेगी, ताकि इनकी परियोजनाओं के विकास और निर्माण कार्य को आगे बढ़ाया जा सके। बाकी राशि का इस्तेमाल सामान्य कॉर्पोरेट मकसद के लिए किया जाएगा।
कंपनी को जान लीजिए
2005 में स्थापित, श्री लोटस डेवलपर्स ‘Lotus Developers’ ब्रांड के तहत मुंबई और विशेष रूप से पश्चिमी उपनगरों में अल्ट्रा लग्ज़री और लग्ज़री सेगमेंट की रीडेवलपमेंट परियोजनाएं विकसित करती है। इसकी परियोजनाएं तीन श्रेणियों में आती हैं- ग्रीनफील्ड प्रोजेक्ट्स, रीडेवलपमेंट प्रोजेक्ट्स और जॉइंट डेवलपमेंट प्रोजेक्ट्स।