1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. चांदी ने तोड़े सारे रिकॉर्ड, ₹3000 प्रति किलो बढ़कर नए शिखर पर; सोने के दाम भी जानें

चांदी ने तोड़े सारे रिकॉर्ड, ₹3000 प्रति किलो बढ़कर नए शिखर पर; सोने के दाम भी जानें

 Published : Jun 06, 2025 06:34 pm IST,  Updated : Jun 06, 2025 06:50 pm IST

व्यापारियों ने कहा कि घरेलू मांग में बढ़ोतरी और वैश्विक प्रभावों के चलते चांदी की कीमतों में तेजी दर्ज की गई।

चांदी इस साल अब तक 17,400 रुपये प्रति किलोग्राम तक महंगी हुई है। - India TV Hindi
चांदी इस साल अब तक 17,400 रुपये प्रति किलोग्राम तक महंगी हुई है। Image Source : FREEPIK

राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार को चांदी की कीमत 3,000 रुपये बढ़कर 1,07,100 रुपये प्रति किलोग्राम के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई। यह लगातार दूसरा दिन है जब चांदी ने तेज छलांग लगाई है। इससे पहले स्थानीय बाजारों में गुरुवार को सफेद धातु 2,000 रुपये उछलकर 1,04,100 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) के नए शिखर पर पहुंच गई थी। पीटीआई की खबर के मुताबिक, चांदी इस साल अब तक पिछले साल 31 दिसंबर से 17,400 रुपये प्रति किलोग्राम या 19.4 प्रतिशत महंगी हो गई है। 

सोने की कीमत आज क्या रही

अखिल भारतीय सर्राफा संघ के मुताबिक, 99.9 और 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना शुक्रवार को 99,690 रुपये और 99,100 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) पर स्थिर रहा। व्यापारियों ने कहा कि घरेलू मांग में वृद्धि के साथ-साथ वैश्विक प्रभावों के चलते चांदी की कीमतों में तेजी देखी गई। एमसीएक्स पर अगस्त डिलीवरी के सोने के अनुबंध में 44 रुपये की गिरावट आई और यह 97,830 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। विदेशी बाजारों में हाजिर सोना 0. 22 फीसदी बढ़कर 3,360. 05 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा है।

चांदी वायदा बाजार में कितनी चढ़ी

जुलाई में सबसे ज्यादा कारोबार होने वाले चांदी के अनुबंध में 1,622 रुपये की तेजी आई और यह 1,06,065 रुपये प्रति किलोग्राम के नए शिखर पर पहुंच गया। साथ ही, मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सितंबर डिलीवरी के अनुबंध में 1,650 रुपये की तेजी आई और यह 1,07,130 रुपये प्रति किलोग्राम के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया। वैश्विक बाजारों में हाजिर चांदी 1.63 फीसदी बढ़कर 36. 23 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई। चांदी की कीमत में हाल दिनों में लगातार तेजी का रुझान देखा गया है। 

सोने में मजबूत कारोबार 

कोटक सिक्योरिटीज की एवीपी-कमोडिटी रिसर्च कायनात चैनवाला का कहना है कि सोने में मजबूती का कारोबार हो रहा है क्योंकि निवेशक दिन में बाद में जारी होने वाले अमेरिकी गैर-कृषि पेरोल डेटा से पहले सतर्क बने हुए हैं। ब्रोकरेज फर्म कोटक सिक्योरिटीज ने कहा कि सप्लाई डिमांड के बुनियादी सिद्धांतों में सुधार और निवेशकों की बढ़ती रुचि के बीच चांदी 13 साल के उच्च स्तर पर पहुंच गई।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा