1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. शेयर बाजार में जबरदस्त उछाल! सेंसेक्स 368 अंक चढ़ा, निफ्टी ने पार किया 26050 का लेवल; मेटल और ऑयल-गैस सेक्टर के शेयरों में तेजी

शेयर बाजार में जबरदस्त उछाल! सेंसेक्स 368 अंक चढ़ा, निफ्टी ने पार किया 26050 का लेवल; मेटल और ऑयल-गैस सेक्टर के शेयरों में तेजी

 Edited By: Shivendra Singh
 Published : Oct 29, 2025 03:58 pm IST,  Updated : Oct 29, 2025 03:58 pm IST

शेयर बाजार ने बुधवार को शानदार प्रदर्शन करते हुए निवेशकों को बड़ी राहत दी। घरेलू बाजार में जबरदस्त तेजी देखने को मिली और निफ्टी 13 महीनों के हाई लेवल पर बंद हुआ। वहीं सेंसेक्स भी 85 हजार के करीब पहुंच गया।

शेयर बाजार में लौट आई...- India TV Hindi
शेयर बाजार में लौट आई रौनक Image Source : CANVA

शेयर बाजार में बुधवार को जोरदार तेजी देखने को मिली। नवंबर सीरीज की शुरुआत निवेशकों के लिए शानदार रही। घरेलू बाजारों में आई यह तेजी विदेशी संकेतों, गिरते क्रूड ऑयल दाम और मेटल-एनर्जी सेक्टर की मजबूती से प्रेरित रही। निफ्टी 13 महीने के हाई लेवल पर बंद हुआ, वहीं सेंसेक्स ने भी दमदार उछाल दिखाते हुए 85 हजार के करीब पहुंच गया।

सेंसेक्स और निफ्टी में बढ़त

कारोबार के अंत में बीएसई सेंसेक्स 368.97 अंक यानी 0.44% की बढ़त के साथ 84,997.13 के लेवल पर बंद हुआ। वहीं एनएसई निफ्टी 117.70 अंक यानी 0.45% की बढ़त के साथ 26,053.90 के लेवल पर बंद हुआ। यह निफ्टी का 27 सितंबर 2024 के बाद सबसे हाई क्लोजिंग लेवल है। मिडकैप इंडेक्स भी 52 हफ्तों की ऊंचाई पर पहुंच गया, जो इस बात का संकेत है कि बाजार में व्यापक तेजी का माहौल बना हुआ है।

कौन से सेक्टर में दिखी सबसे ज्यादा तेजी

आज मेटल, ऑयल-गैस और पावर सेक्टर के शेयरों में सबसे ज्यादा जोश देखने को मिला। कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से तेल कंपनियों के शेयरों में तेजी आई, वहीं ग्लोबल लेवल पर धातुओं की कीमतों में मजबूती से मेटल स्टॉक्स चमक उठे। निफ्टी के टॉप गेनर्स में अडानी एंटरप्राइजेज, पावर ग्रिड कॉर्प, एनटीपीसी, अडानी पोर्ट्स और जेएसडब्ल्यू स्टील शामिल रहे। वहीं, निफ्टी के टॉप लूजर्स में डॉक्टर रेड्डीज लैब्स, मारुति सुजुकी, एमएंडएम, ईटरनल और कोल इंडिया का नाम शामिल रहा।

बाजार को ग्लोबल पॉजिटिविटी से मिला सहारा

एशियाई बाजारों से मिले पॉजिटिव संकेतों और भारत-अमेरिका ट्रेड टॉक्स में संभावित प्रगति की उम्मीदों ने भी निवेशकों का विश्वास बढ़ाया। ग्लोबल लेवल पर सप्लाई बाधाओं और कमोडिटी प्राइस में मजबूती के चलते मेटल सेक्टर ने बाजार को सहारा दिया।

फेड रिजर्व की पॉलिसी पर नजरें

अब निवेशकों की निगाह अमेरिकी फेडरल रिजर्व की आगामी नीति बैठक पर टिकी है। बाजारों को उम्मीद है कि फेड 25 बेसिस प्वाइंट की दर कटौती करेगा। हालांकि, निवेशक उसके आगे की टिप्पणी पर नजर रखेंगे, जो इंटरनेशनल मार्केट की दिशा तय कर सकती है।

निवेशकों के लिए क्या मतलब

मार्केट एनालिस्ट का कहना है कि निफ्टी का 26,000 के ऊपर टिके रहना बाजार के लिए मजबूत संकेत है। आने वाले दिनों में अगर ग्लोबल सेंटिमेंट पॉजिटिव रहा, तो निफ्टी 26,200–26,500 के लेवल की ओर भी बढ़ सकता है। फिलहाल, मिडकैप और एनर्जी शेयरों में निवेशकों की दिलचस्पी बनी हुई है, जिससे बाजार में उत्साह बरकरार है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा