1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. महंगाई कम होने से उछला शेयर बाजार, सेंसेक्स 204 अंक चढ़कर बंद, Mahindra के स्टॉक में जबरदस्त तेजी

महंगाई कम होने से उछला शेयर बाजार, सेंसेक्स 204 अंक चढ़कर बंद, Mahindra के स्टॉक में जबरदस्त तेजी

 Edited By: Alok Kumar @alocksone
 Published : Jun 13, 2024 03:39 pm IST,  Updated : Jun 13, 2024 04:34 pm IST

आपको बता दें कि कारोबार के दौरान आज बीएसई का 30 शेयर वाला सूचकांक सेंसेक्स 538.89 अंक उछलकर 77,145.46 अंक के अपने सर्वकालिक शिखर पर पहुंच गया। एनएसई निफ्टी 158.1 अंक चढ़कर 23,481.05 अंक के अपने रिकॉर्ड शिखर पर पहुंचा।

Share Market - India TV Hindi
शेयर बाजार Image Source : FILE

खुदरा महंगाई के मई में एक साल के निचले स्तर पर पहुंचने और आईटी शेयरों की खरीदारी से गुरुवार को सेंसेक्स और निफ्टी में शानदार तेजी दर्ज की गई। बीएसई सेंसेक्स अंक 204.33 अंक उछलकर 76,810.90 अंक पर बंद हुआ। वहीं, एनएसई निफ्टी 75.95 अंक चढ़कर 23,398.90 अंक पर पहुंच गया। आज के कारोबार में Mahindra & Mahindra के स्टॉक में जबरदस्त तेजी रही। स्टॉक 3.13% उछलकर 2875 रुपये पर बंद हुआ। इसके अलावा आईटी स्टॉक्स में अच्छी तेजी रही। 

नए रिकॉर्ड हाई पर पहुंचा सेंसेक्स

आपको बता दें कि कारोबार के दौरान आज बीएसई का 30 शेयर वाला सूचकांक सेंसेक्स 538.89 अंक उछलकर 77,145.46 अंक के अपने सर्वकालिक शिखर पर पहुंच गया। एनएसई निफ्टी 158.1 अंक चढ़कर 23,481.05 अंक के अपने रिकॉर्ड शिखर पर पहुंचा। सेंसेक्स में सूचीबद्ध 30 कंपनियों में से विप्रो, टेक महिंद्रा, नेस्ले, टाइटन, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, बजाज फाइनेंस, इंफोसिस, कोटक महिंद्रा बैंक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और बजाज फिनसर्व के शेयरों में सबसे अधिक तेजी आई। हिंदुस्तान यूनिलीवर और पावर ग्रिड के शेयरों को नुकसान हुआ। 

क्यों बाजार में तेजी जारी?

जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के मुख्य निवेश रणनीतिकार वी के विजयकुमार ने कहा, ‘‘अमेरिका और भारत दोनों में मुद्रास्फीति के मोर्चे पर अच्छी खबर है। मुद्रास्फीति के आंकड़ों से पता चलता है कि महंगाई कम होने की प्रक्रिया सही दिशा में आगे बढ़ रही है। बाजार के नजरिये से यह खासकर बैंकिं क्षेत्र के लिए सकारात्मक खबर है।’’ अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व के अधिकारियों ने कहा है कि हाल के महीनों में मुद्रास्फीति अपने लक्षित स्तर की दिशा में बढ़ी है।

वैश्विक बाजार में मिलाजुला रुख

एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और हांगकांग का हैंगसेंग फायदे में रहा, जबकि जापान का निक्की तथा चीन का शंघाई कम्पोजिट नुकसान में रहे। अमेरिकी बाजार बुधवार को सकारात्मक रुख के साथ बंद हुए। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, खाद्य उत्पादों की कीमतों में मामूली कमी आने से खुदरा मुद्रास्फीति मई के महीने में एक साल के निचले स्तर 4.75 प्रतिशत पर आ गई और यह भारतीय रिजर्व बैंक के संतोषजनक दायरे में बनी रही। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.36 प्रतिशत की गिरावट के साथ 82.30 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में बुधवार को लिवाल रहे और शुद्ध रूप से 426.63 करोड़ रुपये की कीमत के शेयर खरीदे। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा