1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. महंगाई दर में नरमी से दूसरे दिन उछला शेयर बाजार, सेंसेक्स 144 अंक चढ़कर 62,650 के पार, निफ्टी भी मजबूत

महंगाई दर में नरमी से दूसरे दिन उछला शेयर बाजार, सेंसेक्स 144 अंक चढ़कर 62,650 के पार, निफ्टी भी मजबूत

 Edited By: Alok Kumar
 Published : Dec 14, 2022 05:48 pm IST,  Updated : Dec 14, 2022 05:48 pm IST

सेंसेक्स के शेयरों में टेक महिंद्रा, टाटा स्टील, एनटीपीसी, इंडसइंड बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, पावर ग्रिड और लार्सन एंड टुब्रो प्रमुख रूप से लाभ में रहे।

शेयर बाजार- India TV Hindi
शेयर बाजार Image Source : FILE

देश में महंगाई दर में नरमी के साथ अमेरिका में मुद्रास्फीति में कमी आने से भारतीय शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन मजबूती रही। बीएसई सेंसेक्स 144.61 अंक यानी 0.23 प्रतिशत की तेजी के साथ 62,677.91 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह एक समय 301.81 अंक तक चढ़ गया था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 52.30 अंक यानी 0.28 प्रतिशत की बढ़त के साथ 18,660.30 अंक पर बंद हुआ। बाजार में तेजी लौटने से रुपये में भी मजबूती लौटी। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 15 पैसे की बढ़त के साथ 82.45 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ। 

क्यों स्टॉक मार्केट में लौटी तेजी 

जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा कि दुनिया के प्रमुख देशों में उम्मीद की तुलना में महंगाई में अत्यधिक कमी के साथ आईटी शेयरों की मांग से घरेलू बाजार को गति मिली। अमेरिका में उपभोक्ता मूल्य सूचकांक आधारित मुद्रास्फीति नवंबर में घटकर 7.1 प्रतिशत पर आ गयी है। इससे केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व के नीतिगत दर मामले में आक्रामक रुख अपनाने को लेकर संभावना कम हुई है। उन्होंने कहा, हालांकि, फेडरल रिजर्व नीतिगत दर में 0.50 प्रतिशत की वृद्धि कर सकता है लेकिन भविष्य में मुद्रास्फीति और ब्याज दर को लेकर उसका बयान बाजार के लिहाज से महत्वपूर्ण होगा। इससे बाजार में तेजी लौटी है। अगर, फेड ब्याज दरों में बढ़ोतरी की रफ्तार धीमा करने का संकेत देता है तो बाजार में आगे अच्छी तेजी देखने को मिलेगी। 

File
Image Source : FILEशेयर बाजार

इन कंपनियों के शेयरों में तेजी और मंदी रही

सेंसेक्स के शेयरों में टेक महिंद्रा, टाटा स्टील, एनटीपीसी, इंडसइंड बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, पावर ग्रिड, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और लार्सन एंड टुब्रो प्रमुख रूप से लाभ में रहे। दूसरी तरफ, नुकसान में रहने वाले शेयरों में नेस्ले इंडिया, भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक, एशियन पेंट्स, हिंदुस्तान यूनिलीवर और अल्ट्राटेक सीमेंट शामिल हैं। 

शेयर बाजार
Image Source : FILEशेयर बाजार

वैश्विक बाजार में भी बढ़त रही 

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त में रहे। यूरोप के प्रमुख बाजारों में शुरुआती कारोबार में गिरावट का रुख रहा। अमेरिकी बाजार में मंगलवार को तेजी रही थी। इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.06 प्रतिशत की गिरावट के साथ 80.63 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 619.92 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा