1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Stock Market: फेडरल रिजर्व के फैसले और ग्लोबल ट्रेंड्स तय करेंगे अगले सप्ताह बाजार की चाल

Stock Market: फेडरल रिजर्व के फैसले और ग्लोबल ट्रेंड्स तय करेंगे अगले सप्ताह बाजार की चाल

 Published : Sep 17, 2023 05:08 pm IST,  Updated : Sep 17, 2023 05:08 pm IST

शुक्रवार को लगातार 11वें कारोबारी सत्र में सेंसेक्स लाभ में रहा और 319.63 अंक या 0.47 प्रतिशत की छलांग के साथ 67,838.63 के रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुआ।

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज- India TV Hindi
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज Image Source : REUTERS

स्टॉक मार्केट (Stock Market) में अगले सप्ताह काफी हलचल देखने को मिल सकती है। मार्केट में क्या ट्रेंड रहेगा या क्या होगा, यह सब अमेरिकी केंद्रीय बैंक यानी फेडरल रिजर्व (Federal Reserve) के ब्याज दरों को लेकर फैसला और ग्लोबल ट्रेंड्स से तय होंगे। मार्केट एक्सपर्ट्स ने रविवार को यह राय दी है। भाषा की खबर के मुताबिक, गणेश चतुर्थी के मौके पर मंगलवार को शेयर मार्केट बंद रहेंगे। इंटरनेशनल लेवल पर स्टॉक मार्केट (Stock Market) को बैंक ऑफ इंग्लैंड और बैंक ऑफ जापान के ब्याज दर पर फैसले का भी असर देखने को मिल सकता है। 

ये फैक्टर भी डालेंगे बाजार पर असर

खबर के मुताबिक, स्वस्तिका इन्वेस्टमार्ट लिमिटेड के वरिष्ठ तकनीकी विश्लेषक प्रवेश गौर ने कहा कि यह सप्ताह मौद्रिक नीति वाला होगा। फेडरल रिजर्व के नीति-निर्माताओं ने फेडरल ओपन मार्केट कमेटी (एफओएमसी) की मीटिंग बुलाई है और ब्याज दर पर फैसला बुधवार यानी 20 सितंबर को होना है। गौर ने कहा कि डॉलर के मुकाबले रुपये की चाल, अमेरिकी में बॉन्ड रिवॉर्ड और कच्चे तेल की कीमतें भी अगले सप्ताह (Stock Market next week) बाजार की दिशा के लिए महत्वपूर्ण रहेंगी।

बीते सप्ताह बाजार का हाल

पिछले सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स (Sensex) 1,239.72 अंक या 1.86 प्रतिशत के लाभ में रहा। नेशनल स्टॉक का निफ्टी (Nifty) 372.4 अंक या 1.87 प्रतिशत चढ़ गया। शुक्रवार को लगातार 11वें कारोबारी सत्र में सेंसेक्स लाभ में रहा और 319.63 अंक या 0.47 प्रतिशत की छलांग के साथ 67,838.63 के रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुआ। दिन में कारोबार के दौरान यह 408.23 अंक या 0.60 प्रतिशत बढ़कर 67,927.23 के अपने नए सर्वकालिक उच्चस्तर पर पहुंचा। शुक्रवार को निफ्टी 89.25 अंक या 0.44 प्रतिशत बढ़कर 20,192.35 के अपने रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुआ। दिन में कारोबार के दौरान यह 119.35 अंक या 0.59 प्रतिशत बढ़कर 20,222.45 के अपने सर्वकालिक उच्चस्तर तक गया। 

बड़े मैक्रो इकोनॉमिक आंकड़ों पर होगी प्रतिक्रिया

मास्टर कैपिटल सर्विसेज के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट अरविंदर सिंह नंदा ने कहा कि आने वाले दिनों में बाजार कुछ बड़े मैक्रो इकोनॉमिक आंकड़ों जैसे अमेरिका के एसएंडपी वैश्विक विनिर्माण और सेवा पीएमआई, बेरोजगारी दावे, कच्चे तेल के भंडार, एफओएमसी का कमेंट, फेडरल रिजर्व के ब्याज दर पर फैसला, ब्रिटेन की महंगाई, यूरो क्षेत्र की महंगाई पर प्रतिक्रिया देगा। इसका असर शेयर बाजार (Stock Market) में देखने को मिलेगा। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा