Share Market today: घरेलू शेयर बाजारों सेंसेक्स और निफ्टी में चार ट्रेडिंग डे की गिरावट के बाद मंगलवार को तेजी लौटी। बीएसई सेंसेक्स 317.45 अंक चढ़कर 82,570.91 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 113.50 अंक की बढ़त के साथ 25,195.80 अंक पर बंद हुए। सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से सन फार्मा, टाटा मोटर्स, भारती एयरटेल, महिंद्रा एंड महिंद्रा, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स और इन्फोसिस के शेयरों में तेजी रही। वहीं एचसीएल टेक के शेयर में तीन प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई। इटर्नल (पूर्व में जोमैटो) और टाटा स्टील के शेयर भी नुकसान में रहे। एशियाई बाजारों में हांगकांग का हैंगसेंग तथा जापान का निक्की 225 फायदे में रहे जबकि दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और चीन का शंघाई एसएसई कम्पोजिट नुकसान में रहे। अमेरिकी बाजार सोमवार को सकारात्मक रुख के साथ बंद हुए थे।
इस कारण बाजार में लौटी तेजी
खुदरा महंगाई दर के छह साल के निचले स्तर पर आने के साथ वाहन और औषधि शेयरों में खरीदारी से बाजार में तेजी आई। इससे पहले, पिछले चार कारोबारी सत्रों में, सेंसेक्स 1,459.05 अंक यानी 1.74 प्रतिशत और निफ्टी 440 अंक यानी 1.72 प्रतिशत टूटा था। अच्छे मानसून के कारण सब्जियों सहित खाने का सामान सस्ता होने खुदरा मुद्रास्फीति जून में छह साल के निचले स्तर 2.1 प्रतिशत पर आ गई। यह आरबीआई के संतोषजनक स्तर के करीब है। उपभोक्ता मूल्य सूचकांक आधारित मुद्रास्फीति मई में 2.82 प्रतिशत और जून, 2024 में 5.08 प्रतिशत थी। पिछले साल नवंबर से मुद्रास्फीति में गिरावट आ रही है।
अमेरिका से ट्रेड डील होने की उम्मीद बढ़ी
जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लि.के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘वैश्विक और घरेलू घटनाक्रमों से बाजार धारणा में सुधार के संकेत मिल रहे हैं। अमेरिका के साथ एक अंतरिम व्यापार समझौते की संभावना को लेकर उम्मीद बढ़ रही है। इससे शुल्क से जुड़े जोखिमों में कमी आ सकती है। नायर ने कहा, ‘‘इसके साथ ही, घरेलू मुद्रास्फीति कई साल के निचले स्तर पर आ गई है। इससे आरबीआई द्वारा नीतिगत दर में और कटौती की उम्मीद बढ़ी है, जिससे भविष्य में आर्थिक वृद्धि में तेजी आ सकती है। एशिया के अन्य बाजारों में, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त में रहे जबकि चीन का शंघाई कम्पोजिट गिरावट के साथ बंद हुआ। यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार में तेजी का रुख था। सोमवार को अमेरिकी बाजार बढ़त के साथ बंद हुए थे।
कच्चा तेल 70 डॉलर के नीचे
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.17 प्रतिशत की गिरावट के साथ 69.09 डॉलर प्रति बैरल पर रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 1,614.32 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे। वहीं घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 1,787.68 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। बीएसई सेंसेक्स सोमवार को 247.01 अंक टूटा था जबकि एनएसई निफ्टी 67.55 अंक नुकसान में रहा था।