1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. शेयर बाजार में दो दिन बाद लौटी तेजी, सेंसेक्स 110 अंक चढ़ा, निफ्टी में भी मजबूती

शेयर बाजार में दो दिन बाद लौटी तेजी, सेंसेक्स 110 अंक चढ़ा, निफ्टी में भी मजबूती

 Edited By: Alok Kumar @alocksone
 Published : Aug 28, 2023 04:45 pm IST,  Updated : Aug 28, 2023 04:45 pm IST

जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘अमेरिकी फेडरल रिजर्व के प्रमुख जेरोम पावेल के बयान से बाजार को बहुत अधिक अचंभा नहीं हुआ।

शेयर बाजार- India TV Hindi
शेयर बाजार Image Source : PTI

वैश्विक बाजारों में मजबूती के रुख और एचडीएफसी बैंक में लिवाली से स्थानीय शेयर बाजार में दो कारोबारी सत्रों के बाद सोमवार को फिर से तेजी लौटी। बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित सूचकांक सेंसेक्स 110.09 अंक यानी 0.17 प्रतिशत की बढ़त के साथ 64,996.60 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 326.94 अंक तक चढ़ गया था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के मानक सूचकांक निफ्टी में भी 40.25 अंक यानी 0.21 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई। कारोबार के अंत में यह 19,306.05 अंक पर बंद हुआ। हालांकि, रिलायंस के एजीएम से कंपनी के शेयर धारक निराश हुए। इसके चलते रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर में एक फीसदी से अधिक की गिरावट देखने को मिली। 

इन कंपनियों के शेयरों में रही तेजी 

सेंसेक्स के समूह में शामिल कंपनियों में लार्सन एंड टुब्रो, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एचडीएफसी बैंक, सन फार्मा, मारुति सुजुकी, कोटक महिंद्रा बैंक, इंडसइंड बैंक, टाटा स्टील और भारतीय स्टेट बैंक के शेयर प्रमुख रूप से लाभ में रहे। दूसरी तरफ रिलायंस इंडस्ट्रीज, नेस्ले, टाइटन, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, आईटीसी और टाटा मोटर्स के शेयरों में गिरावट रही। एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त लेने में सफल रहे। यूरोपीय बाजार दोपहर में सकारात्मक रुख के साथ कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजार शुक्रवार को मजबूती के साथ बंद हुए थे। 

फेड बैठक में ब्याज दर बढ़ने की उम्मीद 

जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘अमेरिकी फेडरल रिजर्व के प्रमुख जेरोम पावेल के बयान से बाजार को बहुत अधिक अचंभा नहीं हुआ। नवंबर की फेड बैठक में ब्याज दर बढ़ने की उम्मीद पैदा हुई है। हालांकि, इससे घरेलू स्तर पर आईटी शेयरों में गिरावट रही लेकिन अन्य क्षेत्रों में बढ़त रही।’’ इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.37 प्रतिशत चढ़कर 84.79 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने पिछले कारोबारी सत्र में शुक्रवार को 4,638.21 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की बिकवाली की थी। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा