1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Stock Market: सेंसेक्स 659.31 अंक के उछाल के साथ हुआ बंद, निफ्टी में भी दिखी मजबूती

Stock Market: सेंसेक्स 659.31 अंक के उछाल के साथ हुआ बंद, निफ्टी में भी दिखी मजबूती

 Edited By: India TV Business Desk
 Published : Sep 08, 2022 05:03 pm IST,  Updated : Sep 08, 2022 05:03 pm IST

Stock Market: घरेलू शेयर बाजारों में दो दिन से जारी गिरावट का सिलसिला बृहस्पतिवार को थम गया और बीएसई सेंसेक्स (Sensex) 659.31 अंक के उछाल के साथ बंद हुआ।

Sensex- India TV Hindi
सेंसेक्स 659.31 अंक के उछाल के साथ हुआ बंद Image Source : FILE

Stock Market: घरेलू शेयर बाजारों में दो दिन से जारी गिरावट का सिलसिला बृहस्पतिवार को थम गया और बीएसई सेंसेक्स (Sensex) 659.31 अंक के उछाल के साथ बंद हुआ। वैश्विक बाजारों में मजबूती और बैंक, सूचना प्रौद्योगिकी तथा वाहन कंपनियों के शेयरों में तेजी आई। तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 659.31 अंक यानी 1.12 प्रतिशत की मजबूती के साथ 59,688.22 अंक पर बंद हुआ। 

सेंसेक्स 683.05 अंक तक जाकर लौटा

कारोबार के दौरान यह एक समय 683.05 अंक तक चढ़ गया था। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 174.35 अंक यानी 0.99 प्रतिशत की बढ़त के साथ 17,798.75 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स के शेयरों में टेक महिंद्रा, एक्सिस बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, भारती एयरटेल, भारतीय स्टेट बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, बजाज फिनसर्व, इंडसइंड बैंक और एशियन पेंट्स प्रमुख रूप से लाभ में रहे। दूसरी तरफ टाटा स्टील, एनटीपीसी, टाइटन, नेस्ले और पावर ग्रिड के शेयर गिरावट लेकर बंद हुए। 

जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और बढ़ती मुद्रास्फीति को लेकर निवेशकों की चिंता कम होने से वैश्विक बाजारों के साथ-साथ घरेलू बाजार में भी मजबूती आई। ऊंचे मूल्यांकन के बावजूद विदेशी संस्थागत निवेश भारतीय बाजार में निवेश कर रहे हैं जिससे बाजार मजबूत बना हुआ है।’’ 

अन्य बाजारों में भी गिरावट

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की मजबूती में रहे जबकि हांगकांग का हैंगसेंग और चीन का शंघाई कंपोजिट गिरावट के साथ बंद हुआ। यूरोप के प्रमुख बाजारों में शुरुआती कारोबार में मिलेजुले रुख के साथ कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजार बुधवार को बढ़त में थे। इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.49 प्रतिशत गिरकर 87.57 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक शुद्ध लिवाल रहे। उन्होंने बुधवार को 758.37 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। 

कल गिरकर बंद हुआ था बाजार

घरेलू शेयर बाजार में बुधवार को लगातार दूसरे दिन गिरावट रही थी और बीएसई सेंसेक्स 168 अंक से अधिक टूटकर बंद हुआ था। वैश्विक स्तर पर कमजोर रुख के बीच उच्च ब्याज दर और मंदी की आशंका से निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई। तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 168.08 अंक यानी 0.28 प्रतिशत की गिरावट के साथ 59,028.91 अंक पर बंद हुआ था। कारोबार के दौरान यह एक समय 474.1 अंक तक नीचे चला गया था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 31.20 अंक यानी 0.18 प्रतिशत की गिरावट के साथ 17,624.40 अंक पर बंद हुआ। विश्लेषकों के अनुसार, अमेरिका में रोजगार के मोर्चे पर सकारात्मक आंकड़ों के बाद ब्याज दर बढ़ने को लेकर चिंता से बाजार में गिरावट आई थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा