नई दिल्ली। भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) ने कहा कि मौजूदा कठिन समय में जोखिम आवरण को जारी रखने को प्रोत्साहित करने के लिए वह अपने पॉलिसीधारकों को बंद हो चुकी पॉलिसी को दोबारा शुरू करने का अवसर देगी। बीमा कंपनी ने 10 अगस्त से नौ अक्टूबर तक विशेष रिवाइवल अभियान शुरू करने का फैसला किया है, जिसके तहत एलआईसी की बंद हो चुकी व्यक्तिगत पॉलिसी फिर से शूरू की जा सकेगी।
Related Stories
एलआईसी ने एक बयान में कहा कि विशेष रिवाइवल अभियान के तहत कुछ खास योजनाओं की पॉलिसी को दोबारा शुरू किया जा सकता है, हालांकि इसके लिए प्रीमियम में चूक की तारीख पांच साल से अधिक पुरानी नहीं होनी चाहिए।
एलआईसी ने बयान में कहा कि रिवाइवल के लिए पॉलिसीधारकों को विलंब शुल्क में 20 प्रतिशत की छूट मिलेगी। वहीं 1 लाख से 3 लाख रुपए के बीच प्रीमियम पर 25 प्रतिशत डिस्काउंट दिया जाएगा। कंपनी ने कहा कि प्रीमियम भुगतान में चूक वाली पॉलिसियों और रिवाइवल की तारीख पर परिपक्व न होने वाली पॉलिसियां ही फिर से चालू करने के लिए पात्र होंगी।
इस अभियान से उन पॉलिसीधारकों को मदद मिलेगी जो कोरोना वायरस महामारी के कारण प्रीमियम नहीं भर पाए और उनकी पॉलिसी लैप्स हो गई। एक पुरानी पॉलिसी को फिर से चालू करना हमेशा फायदेमंद होता है और एलआईसी अपने ग्राहकों को मूल्य प्रदान करने और उनके जीवन बीमा कवर को निरंतर जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध है।