1. Hindi News
  2. पैसा
  3. मेरा पैसा
  4. लार्ज कैप म्यूचुअल फंड में निवेश का सुनहरा मौका, इस कारण स्मॉल-मिड कैप फंड से बेहतर रिस्क रिवॉर्ड रेश्यो

लार्ज कैप म्यूचुअल फंड में निवेश का सुनहरा मौका, इस कारण स्मॉल-मिड कैप फंड से बेहतर रिस्क रिवॉर्ड रेश्यो

 Edited By: Alok Kumar @alocksone
 Published : Sep 13, 2023 01:03 pm IST,  Updated : Sep 13, 2023 01:03 pm IST

एडवाइजर खोज के को-फाउंडर द्वैपायन बोस कहते हैं कि लार्ज कैप फंडों में निवेश अच्छा आइडिया है क्योंकि ये फंड ट्रैक रिकॉर्ड, मजबूत बिजनेस मॉडल और अच्छी ग्रोथ योजना वाली बड़ी कंपनियों में निवेश करते हैं।

लार्ज कैप म्यूचुअल फंड- India TV Hindi
लार्ज कैप म्यूचुअल फंड Image Source : FREEPIK

भारतीय शेयर बाजार रिकॉर्ड ऊंचाई पर कारोबार कर रहा है। एनएसई निफ्टी 20 हजार के ऐतिहासिक स्तर के पार ट्रेड कर रहा है। ऐसे में निवेशकों के बीच डर का माहौल है। इसका असर मंगलवार और आज देखने को भी मिला है। मिड और स्मॉल कैप स्टॉक्स की जबरदस्त पिटाई हुई है। इससे इनमें निवेश करने वाले निवेशकों के कई लाख करोड़ रुपये डूब गए हैं। यह नुकसान सिर्फ स्टॉक्स में निवेश करने वाले निवेशकों को ही नहीं हुआ है, बल्कि स्मॉल और मिड कैप म्यूचुअल फंड में निवेश करने वाले निवेशकों को भी उठाना पड़ा है। इसको देखते हुए शेयर मार्केट एक्सपर्ट लार्ज कैप म्यूचुअल फंड में निवेश की सलाह दे रहे हैं। एक्सपर्ट का कहना है कि आने वाले महीनों में बाजार में उतार-चढ़ाव की आशंका है। इससे बचने के लिए निवेशकों को लार्ज कैप म्यूचुअल फंड की ओर रुख करना चाहिए। स्मॉल-मिड कैप फंड के मुकाबले लार्ज कैप म्यूचुअल फंड में रिस्क रिवॉर्ड रेश्यो बेहतर है। 

लार्ज कैप म्यूचुअल फंड का ​ब्लू चिप कंपनियों में निवेश

लार्ज कैप म्यूचुअल फंड मुख्य रूप से ब्लू चिप कंपनियों में निवेश करते हैं और पिछले कुछ वर्षों में उनका प्रदर्शन सुस्त रहा है। लेकिन एक साल में एक तिहाई से अधिक लार्ज कैप फंडों ने रिटर्न देने में संबंधित बेंचमार्क को पीछे छोड़ दिया है। इस दौरान जिन फंडों ने बेहतर प्रदर्शन किया है, उसमें निप्पॉन लार्ज कैप फंड ने एक साल में 20.07% का रिटर्न दिया था। इसी अवधि में एचडीएफसी टॉप 100 स्कीम ने 16.60% और एडलवाइस लार्ज कैप 14.90% का रिटर्न देकर लार्ज कैप में शीर्ष प्रदर्शन करने वालों में बना हुआ है।

मार्केट लीडर होती हैं लार्ज कैप कंपनियां 

एडवाइजर खोज के को-फाउंडर द्वैपायन बोस कहते हैं कि लार्ज कैप फंडों में निवेश अच्छा आइडिया है क्योंकि ये फंड ट्रैक रिकॉर्ड, मजबूत बिजनेस मॉडल और अच्छी ग्रोथ योजना वाली बड़ी कंपनियों में निवेश करते हैं। इसके अलावा, लार्ज कैप कंपनियां अपने क्षेत्र में बाजार की लीडर होती हैं। हालांकि, इसके बावजूद निप्पॉन इंडिया लार्ज कैप फंड ने 3 साल में अपने बेंचमार्क से 6% ज्यादा यानी 27.08% का रिटर्न दिया है। इसी अवधि में इसकी तुलना में एचडीएफसी टॉप 100 और एडलवाइस लार्ज कैप ने क्रमशः 24.74% और 22.07% का रिटर्न दिया है।

इस कारण लार्ज कैप फंड बेहतर

लार्ज कैप म्यूचुअल फंडों ने मजबूत प्रदर्शन क्यों किया है? इसके तीन बुनियादी कारण हैं। फंड प्रबंधक लार्ज कैप क्षेत्र में सुधार से ज्यादा वृद्धि वाले फार्मा शेयरों पर मजबूत फोकस कर रहे हैं। टेक्नोलॉजी सेक्टर पर ये अंडरवेट रहते हैं। महामारी के बाद वैश्विक अर्थव्यवस्था में सुधार और खपत में तेज बढ़ोतरी ने भी लार्ज कैप शेयरों को बढ़ावा दिया है। तीसरा कारण मिड और स्मॉल कैप कंपनियों में निवेश है जिन्होंने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है। लार्ज कैप म्यूचुअल फंड को अपने फंड का 80% हिस्सा बाजार पूंजीकरण के लिहाज से शीर्ष 100 कंपनियों में निवेश करना होता है। बाकी 20% फंड निवेश फंड मैनेजर अपने हिसाब से कर सकते हैं। इस हिस्से को स्मॉल और मिड-कैप कंपनियों में निवेश किया जा सकता है। फंड प्रबंधकों की सलाह है कि इस समय लार्ज कैप म्यूचुअल फंड में निवेश करने का बेहतरीन समय है, क्योंकि यह कैटेगरी वापस अच्छा प्रदर्शन कर रही है। निवेशक मध्यम से लंबी अवधि में मजबूत प्रदर्शन पर भरोसा कर सकते हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Personal Finance से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा