पंजाब के मुक्तसर में एक बड़ा हादसा हो गया है। मुक्तसर में एक बस फिसलकर सरहिंद फीडर नहर में जा गिरी। पुलिस के मुताबिक यह घटना दोपहर करीब 1:30 बजे हुई जिसमें 8 लोगों की मौत हो गई। इस घटना में घायल हुए कुछ यात्रियों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज जारी है।
Related Stories
क्या है पूरा मामला?
दरअसल ये हादसा आज दिन में करीब 1:30 बजे हुई जब बस मुक्तसर से कोटकपुरा की तरफ जा रही थी। इसी दौरान नियंत्रण खोने की वजह से बस नहर में जा गिरी। इस हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई है। वहीं 10 लोगों के घायल होने की सूचना है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक कुछ घायल यात्रियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने किया ट्वीट
मुक्तसर में हुए इस दर्दनाक हादसे पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ट्वीट कर कहा, 'मुक्तसर-कोटकपूरा रोड पर नहर में एक प्राइवेट बस के दुर्घटनाग्रस्त होने की दुखद खबर मिली। प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं। मैं बचाव अभियान की पल-पल की जानकारी ले रहा हूं। भगवान सभी की रक्षा करे।'
अधिकारियों ने दी जानकारी
अधिकारियों ने बताया कि घटना के वक्त बारिश हो रही थी जिस वजह से बस फिसलकर नहर में गिर गई। उन्होंने आगे बताया कि बचाव अभियान के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की एक टीम को मौके पर बुलाया गया है।
उपायुक्त ने दी ये जानकारी
मुक्तसर की उपायुक्त रूही दुग्ग ने बताया कि, आशंका जताई जा रही है कि कुछ यात्री नहर में पानी के तेज बहाव के कारण बह गए होंगे। उनका पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने आगे बताया कि, बस को नहर से क्रेन की मदद से निकाला गया और घटना में घायल कुछ यात्रियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। रूही दुग्ग ने बस चालक के माध्यम से बताया कि बस में 35 यात्री सवार थे।
बस सर्विस के मालिक ने बताया
दीप बस सर्विस के मालिक हरदीप सिंह ने मीडिया से बात करते हुए यह जानकारी दी कि बस के ड्राइवर और कंडक्टर, दोनों बच गए हैं। उन्होंने ये भी कि, कार से टक्कर को बचाने के लिए ड्राइवर ने अचानक बस का ब्रेक लगाया। इसी वजह से बस फिसल गई और नहर में गिर गई।
(इनपुट: पीटीआई)
ये भी पढ़ें-
अब पीएम मोदी तक सीधे पहुंचाएं अपनी बात, जुड़ें उनके व्हाट्सएप चैनल से, जानें पूरा प्रोसेस
महिला आरक्षण बिल पेश होने के बाद बोले पीएम मोदी- "मैं देश की सभी महिलाओं को आश्वस्त करता हूं कि..."