1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. भाजपा ने पंजाब इकाई में बड़े स्तर पर किए फेरबदल, दल बदलकर आए नेताओं को मिली बड़ी जिम्मेदारियां

भाजपा ने पंजाब इकाई में बड़े स्तर पर किए फेरबदल, दल बदलकर आए नेताओं को मिली बड़ी जिम्मेदारियां

 Published : Sep 17, 2023 10:57 pm IST,  Updated : Sep 17, 2023 10:58 pm IST

भारतीय जनता पार्टी अपनी पंजाब यूनिट में बड़े स्तर पर फेरबदल किए हैं। लेकिन इस नए फेरबदल में उन्हीं नेताओं के नाम ज्यादा दिख रहे हैं, जो हाल ही में दल बदलकर बीजेपी में शामिल हुए हैं। खास बात ये है कि इनमें अनुभवी और युवा, दोनों तरह के नेता शामिल हैं।

punjab bjp- India TV Hindi
पंजाब बीजेपी में नेताओं को मिली नई जिम्मेदारियां Image Source : SOCIAL MEDIA

भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी पंजाब इकाई में बड़े स्तर पर फेरबदल करते हुए रविवार को नए पदाधिकारियों की नियुक्ति की घोषणा की है। खास बात ये है कि इनमें अनुभवी और युवा, दोनों तरह के नेता शामिल हैं। बता दें कि इस फेरबदल से दो महीने पहले सुनील जाखड़ को पंजाब इकाई का प्रमुख नियुक्त किया गया था। भाजपा ने पंजाब में पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह, केंद्रीय मंत्री सोम प्रकाश, पूर्व सांसद विजय सांपला, पूर्व वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल, लोकसभा के पूर्व उपाध्यक्ष और शिरोमणि अकाली दल के पूर्व विधायक चरणजीत सिंह अटवाल को अपने कोर ग्रुप में शामिल किया है। 

कोर ग्रुप में ये नाम भी शामिल-

भाजपा की पंजाब इकाई ने जो लिस्ट जारी की है उसके अनुसार, पार्टी के 21 सदस्यीय कोर ग्रुप में शामिल अन्य नेताओं में कांग्रेस के पूर्व नेता राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी, राज कुमार वेरका और केवल सिंह ढिल्लों, भाजपा के पूर्व पंजाब अध्यक्ष अश्वनी शर्मा, अविनाश राय खन्ना और तीक्ष्ण सूद शामिल हैं। 

ये हैं नए प्रदेश उपाध्यक्ष- 
पार्टी के नेता सुभाष शर्मा, सुरजीत कुमार ज्याणी, के डी भंडारी और राजेश बाघा और पूर्व कांग्रेस नेता अरविंद खन्ना, फतेहजंग सिंह बाजवा, बलबीर सिंह सिद्धू और गुरप्रीत सिंह कांगड़ को भाजपा का प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। 

प्रदेश महासचिव के नाम-
इस लिस्ट के अनुसार, राकेश राठौर, दयाल सिंह सोढ़ी, अनिल सरीन, जगमोहन सिंह राजू और परमिंदर सिंह बरार को भाजपा का प्रदेश महासचिव नियुक्त किया गया है। 

ये होंगे 12 नए सचिव-
राज्य के 12 नए सचिवों में शामिल प्रमुख नेताओं में पूर्व कांग्रेस विधायक हरजोत कमल, शिवराज चौधरी, संजीव खन्ना, दामन थिंद बाजवा, रेनू कश्यप और करणवीर सिंह टोहरा हैं। 

महिला नेताओं को बड़ी जिम्मेदारी
अमरिंदर सिंह की बेटी जय इंदर कौर भाजपा के पंजाब महिला मोर्चा का नेतृत्व करेंगी जबकि भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के पूर्व अधिकारी एस आर लधर को पार्टी की अनुसूचित जाति शाखा का प्रमुख बनाया गया है। 

कोर समिति में विशेष आमंत्रित सदस्य-
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ, संसदीय बोर्ड के सदस्य इकबाल सिंह लालपुरा, राज्य के प्रभारी विजय रुपाणी और राज्य के सह-प्रभारी नरेंद्र रैना और संगठन महासचिव मंथरी श्रीनिवासुलु पार्टी की पंजाब इकाई की कोर समिति में विशेष आमंत्रित सदस्य हैं। 

वहीं शिरोमणि अकाली दल के पूर्व विधायक अमरपाल सिंह को प्रदेश इकाई के ओबीसी मोर्चा की जिम्मेदारी दी गयी है। वह फरवरी में भाजपा में शामिल हुए थे। बीजेपी की पंजाब इकाई ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर बताया कि इन नियुक्तियों को भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने स्वीकृति दे दी है।

(इनपुट- PTI)

ये भी पढ़ें-

Fact Check: KBC में नहीं पूछा गया उज्जैन महाकाल कॉरिडोर पर सवाल, फर्जी निकला वीडियो

"वैल प्लेड टीम इंडिया!" एशिया कप में भारत की ऐतिहासिक जीत के बाद पीएम मोदी हुए गदगद
 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पंजाब से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।