पंजाब पुलिस ने राज्य में आतंक और अस्थिरता फैलाने की एक बड़ी साजिश को नाकाम करते हुए दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। ये दोनों आरोपी विदेश में बैठे अपने आकाओं के इशारे पर विरोधी गिरोहों के सदस्यों की हत्या करने की फिराक में थे। पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने रविवार को यह जानकारी दी।
BKI से जुड़े हैं मास्टरमाइंड
डीजीपी यादव ने बताया कि गुरदासपुर पुलिस ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान लवदीप सिंह उर्फ लव और टेक चंद उर्फ टिंकू के रूप में हुई है। ये दोनों विदेश में रहने वाले कट्टरपंथी गैंगस्टर गुरदेव जस्सल और गुरलाल उर्फ गुल्लू के लिए काम कर रहे थे। डीजीपी के अनुसार, गुरदेव जस्सल और गुरलाल उर्फ गुल्लू आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) से जुड़े हुए हैं।
हत्या का काम सौंपा गया था
प्रारंभिक जांच में यह खुलासा हुआ है कि इन दोनों गिरफ्तार आरोपियों को उनके विदेशी आकाओं ने पंजाब में विरोधी गिरोहों के सदस्यों की हत्या करने का काम सौंपा था। इसका मुख्य उद्देश्य राज्य में आतंक और अशांति फैलाना था। डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि यह गिरफ्तारी राज्य में शांति और सद्भाव बनाए रखने की दिशा में एक बड़ी सफलता है। पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन पिस्तौल और कारतूस बरामद किए हैं, जो उनकी हिंसक मंशा की पुष्टि करते हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अब विदेशी मास्टरमाइंडों के नेटवर्क को तोड़ने के लिए आगे की जांच कर रही है। (इनपुट- भाषा)
ये भी पढ़ें-
"RJD आई तो अपहरण, रंगदारी, खून के तीन नए मंत्रालय खुलेंगे", मुजफ्फरपुर में अमित शाह का बड़ा हमला