Wednesday, March 18, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. पंजाब को लेकर जारी अटकलों पर CM मान ने लगा दिया विराम, बोले- कांग्रेस वाले अपनी स्थिति पर ध्यान दें

पंजाब को लेकर जारी अटकलों पर CM मान ने लगा दिया विराम, बोले- कांग्रेस वाले अपनी स्थिति पर ध्यान दें

Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1 Published : Feb 11, 2025 10:34 pm IST, Updated : Feb 11, 2025 10:34 pm IST

दिल्ली में आप की हार के बाद पंजाब को लेकर जारी अटकलों के बीच मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति ज्यादातर राज्यों से बेहतर है।

भगवंत मान- India TV Hindi
Image Source : PTI भगवंत मान

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंगलवार को आम आदमी पार्टी (AAP) की प्रदेश इकाई में असंतोष की अटकलों को खारिज किया। उन्होंने कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा के इस दावे को गलत ठहराया कि 30 से अधिक 'आप' विधायक कांग्रेस से संपर्क में हैं और पार्टी बदल सकते हैं। मान ने कहा कि कांग्रेस में पाला बदलने की संस्कृति रही है, जबकि आप के नेता समर्पित रहते हैं। उन्होंने यह भी कहा, ‘‘बाजवा वर्षों से ऐसे दावे करते रहे हैं, उन्हें यह कहने दीजिए।’’

मुख्यमंत्री मान ने कहा कि कांग्रेस के नेता दूसरों के बारे में बात करते हैं, लेकिन अपनी स्थिति पर ध्यान नहीं देते। उन्होंने यह सवाल भी उठाया कि दिल्ली में कितने कांग्रेस विधायक हैं। उन्होंने यह भी कहा कि आप के नेता बिना किसी लालच के समर्पित हैं और पार्टी की बुनियाद मेहनत से बनाई गई है।

दरअसल, कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा ने हाल ही में दावा किया था कि पंजाब के 30 से अधिक 'आप' विधायक उनकी पार्टी से संपर्क में हैं और पाला बदल सकते हैं। इसके साथ ही, आप की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने मुख्यमंत्री भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल पर हमला बोलते हुए कहा कि पंजाब में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार व्याप्त है। मालीवाल ने यह भी आरोप लगाया कि केजरीवाल पंजाब को अपना "निजी एटीएम" समझने लगे हैं और यहां खुलेआम भ्रष्टाचार हो रहा है।

पंजाब की कानून-व्यवस्था पर बोले मान

मुख्यमंत्री मान ने पंजाब की कानून-व्यवस्था की स्थिति पर भी बात की। उन्होंने कहा, ‘‘पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति ज्यादातर राज्यों से बेहतर है। अगर ऐसा नहीं होता तो उद्योग क्यों आते?’’ उन्होंने यह भी बताया कि उनकी सरकार ने 17 टोल प्लाजा बंद कर दिए हैं और इससे लोगों को 62 लाख रुपये की बचत हो रही है।

मान ने अपनी सरकार के अन्य सुधारों के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि पंजाब में दिल्ली मॉडल को लागू किया जा रहा है, जिसमें मोहल्ला क्लिनिक और स्कूल ऑफ एमिनेंस जैसी योजनाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब को एक मॉडल राज्य बनाना उनका लक्ष्य है और महिलाएं 1,000 रुपये की वित्तीय सहायता जल्द प्राप्त करेंगी।

अब सिर्फ पंजाब में आप की सरकार

बता दें कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में 'आप' की हार के बाद अब पंजाब में आप की एकमात्र राज्य सरकार है। इस बीच, केजरीवाल के पंजाब की राजनीति में बड़ी भूमिका निभाने की अटकलें चल रही थीं, लेकिन आप नेताओं ने इन अटकलों को नकारते हुए कहा कि इस तरह की कोई योजना नहीं है। बीजेपी ने भी इस पर तंज कसते हुए कहा कि केजरीवाल पंजाब के मुख्यमंत्री बनने का सपना देख रहे हैं। बीजेपी नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा, ‘‘केजरीवाल सत्ता विलासिता के बिना नहीं रह सकते और पंजाब के लोग उनका अहंकार चूर कर देंगे।’’ भाजपा नेता सुनील जाखड़ ने भी मुख्यमंत्री भगवंत मान के केजरीवाल से मुलाकात के बाद कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि मान ‘‘बहुत व्याकुल’’ नजर आ रहे थे, लेकिन आप ने इस पर पलटवार करते हुए कहा कि जाखड़ को अपनी पार्टी की समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए। (इनपुट- भाषा)

ये भी पढ़ें-

कुल्हड़ वाली चाय, भोजपुरी भाषा... लोकसभा में आज उठाई गईं ये मांगें; आप भी जान लीजिए

आतंकवाद मुक्त होगा जम्मू-कश्मीर, जीरो घुसपैठ और Zero Terror Plan पर अमित शाह ने की अहम बैठक

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पंजाब से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement