1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. भगवंत मान ने कहा- 2024 का चुनाव लोकतंत्र एवं संविधान बचाने के लिए है, जीत या हार के लिए नहीं

भगवंत मान ने कहा- 2024 का चुनाव लोकतंत्र एवं संविधान बचाने के लिए है, जीत या हार के लिए नहीं

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Apr 18, 2024 11:34 pm IST,  Updated : Apr 18, 2024 11:34 pm IST

भगवंत मान ने दावा किया कि लोग कह रहे हैं कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ गलत हुआ। उन्होंने कहा कि लोग कह रहे हैं कि वे इसका बदला वोट से लेंगे।

पंजाब के सीएम भगवंत मान- India TV Hindi
पंजाब के सीएम भगवंत मान Image Source : PTI

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बीजेपी नीत केंद्र सरकार पर प्रतिद्वंद्वी दलों के नेताओं को सलाखों के पीछे भेजने का आरोप लगाया है। उन्होंने गुरुवार को कहा कि 2024 का लोकसभा चुनाव जीत या हार के बारे में नहीं, बल्कि संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए है। मोहाली के जीरकपुर में राज्य से आम आदमी पार्टी (आप) के 13 उम्मीदवारों के साथ बैठक करने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करने दौरान भगवंत मान ने ये बात कही।

"ये चुनाव जीत या हार के बारे में नहीं"

भगवंत मान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार पर प्रतिद्वंद्वी दलों के नेताओं को सलाखों के पीछे डालने का आरोप लगाते हुए कहा कि देश के सामने एक ‘बड़ा संकट’ आ गया है। उन्होंने कहा, ‘‘ये चुनाव जीत या हार के बारे में नहीं हैं। वर्ष 2024 का चुनाव संविधान और लोकतंत्र बचाने के लिए है।’’ गुजरात, असम और कुरूक्षेत्र (हरियाणा) में अपने चुनाव प्रचार अभियान का जिक्र करते हुए मान ने दावा किया कि लोग कह रहे हैं कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ गलत हुआ। मान ने कहा कि लोग कह रहे हैं कि वे इसका बदला वोट से लेंगे। 

"10 साल में AAP राष्ट्रीय पार्टी बन गई"

केजरीवाल को पिछले महीने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आबकारी नीति से जुड़े धनशोधन मामले में गिरफ्तार किया था। वह अभी दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद हैं। मान ने कहा कि महज 10 साल में आम आदमी पार्टी राष्ट्रीय पार्टी बन गई। उन्होंने कहा कि दो राज्यों में सरकार बनाने के अलावा पार्टी के 10 राज्यसभा सदस्य, गुजरात में 5 विधायक, गोवा में 2 विधायक और चंडीगढ़ में मेयर है। उन्होंने दावा किया, ‘‘यही तथ्य भाजपा को परेशान कर रहा है, इसीलिए वह हमें रोकना चाहती है।’’ 

"भाजपा उम्मीदवारों को गांवों में प्रवेश नहीं करने दे रहे"

मान ने कहा कि पंजाब में किसान अब भाजपा उम्मीदवारों को गांवों में प्रवेश नहीं करने दे रहे हैं, क्योंकि पार्टी ने उन्हें दिल्ली की ओर जाने की अनुमति नहीं दी। मान ने कहा, "भाजपा ने किसानों को दिल्ली में प्रवेश नहीं करने दिया। किसान अब आपको गांवों में प्रवेश नहीं करने दे रहे हैं। यह सरल गणित है।’’ लोकसभा चुनाव में लोगों से आप के पक्ष में वोट करने की अपील करते हुए मान ने कहा कि उन्हें पंजाब और अपने बच्चों के भविष्य के लिए वोट करना चाहिए। (इनपुट- भाषा)

ये भी पढ़ें- 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पंजाब से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।