1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. 'पंजाब को मिले स्पेशल पैकेज', CM भगवंत मान ने उठाई मांग; जानें क्या बोले

'पंजाब को मिले स्पेशल पैकेज', CM भगवंत मान ने उठाई मांग; जानें क्या बोले

 Edited By: Amar Deep
 Published : May 11, 2025 06:52 am IST,  Updated : May 11, 2025 06:52 am IST

पंजाब के सीएम भगवंत मान ने राज्य के लिए स्पेशल पैकेज की मांग की है। उन्होंने कहा है कि पंजाब देश की शस्त्र उठाने वाली भुजा है। ऐसे में उन्हें अन्य पहाड़ी राज्यों की तरह स्पेशल पैकेज मिलना चाहिए।

 CM भगवंत मान ने की पंजाब को स्पेशल पैकेज देने की मांग।- India TV Hindi
CM भगवंत मान ने की पंजाब को स्पेशल पैकेज देने की मांग। Image Source : FILE

चंडीगढ़: भारत और पाकिस्तान के बीच बीते दिनों हुए घटनाक्रम के बाद अब पंजाब के सीएम भगवंत मान ने राज्य के साथ विशेष पैकेज की मांग की है। उन्होंने पंजाब को राष्ट्र की शस्त्र उठाने वाली भुजा बताया है। सीएम मान ने पंजाब के राज्यपाल और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया द्वारा बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में यह बात रखी। वहीं पत्रकारों से बात करते हुए सीएम ने कहा कि चाहे युद्ध हो या कोई अन्य संकट, पंजाब और पंजाबी हमेशा अग्रिम मोर्चे पर रहते हैं। हर युद्ध और तनाव के दौरान पंजाब को सबसे पहले नुकसान उठाना पड़ता है। ऐसे में पंजाब को उसके योगदान के लिए विशेष दर्जा मिलना चाहिए। 

सीमा क्षेत्र भत्ता की मांग

पंजाब के सीएम भगवंत मान ने कहा कि पंजाब देश का अन्नदाता होने के साथ-साथ हमेशा से ही देश की शस्त्र उठाने वाली भुजा रहा है, लेकिन इसके योगदान को अब तक नजरअंदाज किया गया है। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर और कुछ पहाड़ी राज्यों की तर्ज पर पंजाब को भी विशेष पैकेज दिया जाना चाहिए। राज्य सरकार सीमावर्ती जिलों में तैनात डॉक्टरों, शिक्षकों, आंगनवाड़ी और अन्य कर्मचारियों के लिए सीमा क्षेत्र भत्ते की मांग भी भारत सरकार के समक्ष उठाएगी। इसके साथ ही सीएम ने यह घोषणा की कि वह भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव के कारण हाल में हुई घटनाओं के मद्देनजर जमीनी स्तर पर स्थिति का आकलन करने के लिए रविवार से राज्य के सीमावर्ती क्षेत्रों का दौरा करेंगे। 

पीएम से करेंगे मुलाकात

वहीं इस मौके पर चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने कहा कि बैठक के दौरान राजनीतिक दलों ने सुझाव दिया कि हमें पंजाब के लिए विशेष पैकेज के लिए पीएम मोदी से मुलाकात करनी चाहिए। उन्होंने इस विचार पर सहमति जताते हुए पंजाब को विशेष पैकेज की बात स्वीकार की, क्योंकि पंजाब एक सीमावर्ती राज्य है। इसके साथ ही उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों के युवाओं को नौकरियों में आरक्षण की भी मांग की। इसके साथ ही भारत-पाकिस्तान के बीच हुई सहमति पर उन्होंने कहा कि इसका मतलब ये नहीं है कि हम चौकसी कम कर देंगे। (इनपुट- पीटीआई)

यह भी पढ़ें- 

जम्मू-कश्मीर के अलग-अलग क्षेत्रों में स्थिति सामान्य, ना ड्रोन अटैक ना गोलीबारी की खबर

'ऑपरेशन सिंदूर ट्रेडमार्क का रजिस्ट्रेशन न हो', सुप्रीम कोर्ट में दायर की गई याचिका

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पंजाब से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।