1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. कबूतर चुराने के शक में 7वीं कक्षा के छात्र की हत्या, गंभीर परिणाम भुगतने की मिली थी धमकी

कबूतर चुराने के शक में 7वीं कक्षा के छात्र की हत्या, गंभीर परिणाम भुगतने की मिली थी धमकी

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Jul 28, 2025 08:12 am IST,  Updated : Jul 28, 2025 08:14 am IST

पंजाब के मानसा में एक छात्र की हत्या कर दी गई। छात्र पर कबूतर चुराने का आरोप लगाया गया था। शव रोड़की गांव के बाहर एक पेड़ के पास मिला।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
प्रतीकात्मक फोटो Image Source : PEXELS.COM

पंजाब के मानसा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां कबूतर चुराने के आरोप में एक युवक की हत्या कर दी गई। पुलिस ने रविवार को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने बताय कि युवक की उम्र 13 साल थी और वह 7वीं कक्षा का छात्र था। परिवारवालों ने तीन कबूतर पालकों पर बेटे की हत्या का मामला दर्ज कराया है।

पुलिस ने बताया कि सातवीं कक्षा के छात्र राजा सिंह का शव शनिवार रात मानसा के सरदुलगढ़ स्थित रोड़की गांव के बाहर एक पेड़ के पास बरामद किया गया।

शनिवार शाम लापता हो गया था छात्र

पीड़ित परिवार की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, राजा सिंह शनिवार शाम को लापता हो गया था। पुलिस ने परिजनों के हवाले से बताया कि आरोपियों में से एक ने लड़के पर कबूतर चुराने का आरोप लगाया था और उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी थी।

राजा सिंह के पिता के बयान के आधार पर पुलिस ने इसी गांव के तीन कबूतर पालकों- तरलोचन सिंह, काला सिंह और तेजा सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। फिलहाल, लड़के की मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपी फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

जालंधर सिविल अस्पताल में तीन मरीजों की मौत

एक अन्य खबर में, जालंधर सिविल अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में ऑक्सीजन आपूर्ति में तकनीकी खराबी के कारण रविवार की शाम तीन मरीजों की मौत हो गई। हालांकि, अस्पताल प्रशासन ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा है कि ऑक्सीजन की आपूर्ति में थोड़ी कमी आई थी, लेकिन बैकअप ऑक्सीजन सिलेंडरों को कुछ ही समय में चालू कर दिया गया। अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक राज कुमार ने बताया कि इस संबंध में नौ सदस्यीय समिति गठित की गई है, जो दो दिन के भीतर रिपोर्ट सौंपेगी। मरीजों में से एक को सांप के काटने के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था, दूसरा अत्याधिक नशे के पदार्थों के सेवन के कारण अस्पताल में भर्ती था ,जबकि तीसरा तपेदिक से पीड़ित था। तीनों को वेंटिलेटर पर रखा गया था। (इनपुट- भाषा)

ये भी पढ़ें-

MP में भारी बारिश का कहर, राजगढ़ और आगर मालवा में आज सभी स्कूल रहेंगे बंद, निचले इलाकों में अलर्ट

यूपी: बाराबंकी के अवसानेश्वर महादेव मंदिर में मची भगदड़, 2 की मौत, 29 लोग घायल, करंट फैलने की वजह से हादसा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पंजाब से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।