चंडीगढ़ः पंजाब पुलिस ने मंगलवार को राजस्थान से पांच लोगों को हिरासत में लेकर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े बब्बर खालसा इंटरनेशनल के एक आतंकी नेटवर्क का भंडाफोड़ करने का दावा किया। पुलिस ने बताया कि गिरफ़्तार किए गए आरोपियों में से एक बरामदगी के लिए ले जाते समय पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में घायल हो गया। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने कहा कि आतंकी मॉड्यूल ने हाल ही में एसबीएस नगर में एक शराब की दुकान पर हमला करने की योजना बनाई थी और उसे स्वतंत्रता दिवस पर ऐसे ही हमले करने का काम सौंपा गया था।
सोनू नामक आरोपी मुठभेड़ में घायल
जानकारी के मुताबिक, पंजाब के नवांशहर में पाकिस्तानी एजेंसी आईएसआई के इशारे पर एक शराब के ठेके पर ग्रेनेड हमला करने वाले सोनू आरोपी का पुलिस ने एनकाउंटर किया है। नवांशहर के गांव मुन्ना में पुलिस इसे हथियार बरामदगी के लिए लेकर आई थी और इसने पुलिस पर हमला कर दिया। आरोपी की टांग पर गोली लगी है।
राजस्थान के टोंक और एक ऋतिक नामक नौजवान को जयपुर से भी गिरफ्तार किया है। इनमे सें ज्यादा तर आरोपी नाबालिग हैं। विदेश में बैठे जिशान अख्तर , गोपी नवांशहरिया, मन्नू अगवान और पाकिस्तान में हरिंदर रिंदा के इशारे पर ग्रेनेड हमला हुआ था। पुलिस ने एक पिस्टल दो कारतूस और एक हैंड ग्रेनेड को भी बरामद किया।
बब्बर खालसा के इशारे पर खराब करना चाहता था माहौल
एसएसपी नवांशहर डॉ. मेहताब सिंह विर्क ने बताया कि जिस युवक का एनकाउंटर किया गया, उसे रिकवरी के लिए यहां लाया गया था और इस युवक जिसका नाम सोनू है, जो काला संघ्या जिला कपूरथला का रहने वाला है। आरोपी ने पुलिस पर दो फायर किए और जवाबी कार्रवाई के दौरान युवक के पैर में गोली लग गई। युवक द्वारा चलाई गई फायर सरकारी पुलिस गाड़ी पर लगी। इसके साथ ही एसएसपी ने यह भी बताया कि यह व्यक्ति बब्बर खालसा और आईएसआई के इशारे पर पंजाब का माहौल खराब करने के लिए यह सब कर रहा था और उसे पाकिस्तान से हैंडल किया जा रहा था।
डीजीपी ने बताया कि राजस्थान के टोंक और जयपुर जिलों से पांच गुर्गों को गिरफ्तार किया गया। डीजीपी के अनुसार, आरोपियों को विदेश स्थित जीशान अख्तर और बब्बर खालसा इंटरनेशनल के सरगना मन्नू अगवान से सीधे निर्देश मिल रहे थे, जो पाकिस्तान स्थित BKI ऑपरेटिव हरविंदर रिंदा के साथ मिलकर काम कर रहा है। उन्होंने बताया कि उनके पास से एक हथगोला और एक 30 बोर की पिस्तौल, दो ज़िंदा कारतूस और 30 बोर के दो खाली खोखे बरामद किए।
रिपोर्ट- जोवनप्रीत भंगल